विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया: बस कंपनी के 4 ठिकानों पर आयकर का छापा, उपनिदेशक और पदाधिकारियों से मारपीट

Published: Wed, 12 Aug 2026 07:08 PM (IST)Updated: Wed, 12 Aug 2026 07:32 PM (IST)

फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस कंपनी के चार ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापा मारा, जहां अधिकारियों के साथ मारपीट की गई और चार घायल हो गए।

बस कंपनी के 4 ठिकानों पर आयकर का छापा, उपनिदेशक और पदाधिकारियों से मारपीट

बस कंपनी के 4 ठिकानों पर आयकर का छापा, उपनिदेशक और पदाधिकारियों से मारपीट

HighLights

  1. फारबिसगंज में सुपर हमसफर बस कंपनी पर आयकर छापा।

  2. छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों से मारपीट, चार घायल।

  3. कंपनी मालिक मोहम्मद अफसार और भाई असलम हिरासत में।

संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज में बुधवार को सुपर हमसफर बस कंपनी के चार ठिकानों पर छापामारी के दौरान आयकर विभाग के पदाधिकारियों के साथ मारपीट की गई। छापामारी में बिहार एवं झारखंड के एक दर्जन से ज्यादा आयकर विभाग के पदाधिकारी सहित कर्मी शामिल थे।

बताया जाता है कि आयकर विभाग की उपनिदेशक अन्वेषण सुनीता कुमारी के नेतृत्व में सुपर हमसफर बस कंपनी के कार्यालय क्रमशः सुभाष चौक, पटना बस स्टैंड एवं रामपुर पेट्रोल पंप सहित रामपुर दक्षिण स्थित कंपनी के संचालक मो. अफसार के आवास पर छापामारी की जा रही थी।

इसी दौरान आवास पर अचानक लोगों का भीड़ जुटना शुरू हो गया। कई लोग आवास के अंदर प्रवेश करने लगे। इस दौरान आयकर विभाग की उपनिदेशक महिला ऑफिसर पदाधिकारी समेत अन्य ऑफिसर के साथ मिस बिहेव भी किया गया एवं मारपीट की गई।

बताया जाता है कि आयकर विभाग की पदाधिकारी के द्वारा कंपनी के संचालक का मोबाइल भी जब्त किया गया था जिसे जबरदस्ती छीन लिया गया। मारपीट में आयकर विभाग की उपनिदेशक सुनीता कुमारी एवं एक अन्य महिला पदाधिकारी समेत चार पदाधिकारी घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल रामपुर स्थित आवास पहुंची जहां से सुपर हम सफर बस के संचालक मो. अफसार एवं उसके भाई असलम समेत एक अन्य व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लिया गया है।

वहीं, घायल आयकर विभाग के पदाधिकारी का अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज में चिकित्सकों के द्वारा इलाज किया गया। वहीं, मारपीट की घटना के बाद भी आयकर विभाग के टीम के द्वारा छापामारी जारी है।

आयकर टीम बस के कार्यालय सहित अन्य स्थानों से टैक्स चोरी संबंधित लेखा जोखा एवं कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों, खातों, कंप्यूटर डेटा और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। छापामारी दो से तीन दिनों तक चलने की संभावना है।

गौरतलब है कि सुपर हमसफर कंपनी सीमांचल क्षेत्र में एक बड़ा नाम है। हालांकि आयकर विभाग की छापामारी पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि इस बस कंपनी ने कितने की टैक्स की चोरी की है और कैसे की है।