जब श्रीकृष्ण ने अपनी ही बेटी को दे दिया था श्राप, भाई की तपस्या और सामा-चकेवा पर्व की पूरी कहानी कर देगी भावुक
नरपतगंज क्षेत्र में लोक आस्था और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व उत्साह से मनाया जा रहा है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा की पौराणिक कथा से जुड़ा है और कार्तिक पूर्णिमा को विसर्जित होता है, जिसमें चुगला की प्रतिमा को पीटने की भी परंपरा है।

कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है सामा-चकेवा पर्व, भाई-बहन के अटूट प्रेम का देता है संदेश (AI Generated Image)
HighLights
भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है सामा-चकेवा पर्व।
भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा से जुड़ी है पौराणिक कथा।
चुगला की प्रतिमा को पीटना, नकारात्मकता के प्रति विरोध।
अजीत कुमार, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के समापन के साथ ही गांवों में सामा-चकेवा के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है।
प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा के गाए सामा-चकेवा और चुगला-चुगली के गीतों से ग्रामीण परिवेश भक्तिमय और उत्सवी माहौल में रंग गया है। पर्व को लेकर महिलाएं और बच्चियां मिट्टी से बनी सामा, चकेवा, चुगला, सतभैया, वृंदावन तथा विभिन्न पक्षियों की प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने में जुटी हैं।
मान्यता है कि सामा-चकेवा पर्व की शुरुआत मिथिला क्षेत्र के मैथिल समाज के लोगों ने की थी। धीरे-धीरे इस लोकपरंपरा को दूसरे समाज के लोगों ने भी अपनाया और आज यह पर्व पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम, त्याग और समर्पण के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा से जुड़ी है पौराणिक कथा
फुलकाहा दुर्गा मंदिर के पुजारी मनोज झा बताते हैं कि सामा-चकेवा पर्व का उल्लेख पद्म पुराण में भी मिलता है। इस पर्व से जुड़ी पौराणिक कथा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा और उनके भाई साम्ब से संबंधित है।
मान्यता के अनुसार, चुड़क नामक एक चुगलखोर व्यक्ति ने भगवान श्रीकृष्ण से उनकी पुत्री सामा के बारे में झूठी शिकायत कर दी थी। उसने आरोप लगाया कि सामा वृंदावन जाने के दौरान एक ऋषि के साथ अनुचित संबंध रखती हैं।
इस बात से क्रोधित होकर भगवान श्रीकृष्ण ने सामा को पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया। बहन की इस स्थिति से दुखी होकर उनके भाई साम्ब ने बहन को श्राप से मुक्त कराने के लिए कठोर तपस्या की।
भाई के प्रेम, त्याग और तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान श्रीकृष्ण ने सामा को श्राप से मुक्त कर दिया। इसी पौराणिक प्रसंग की याद में सामा-चकेवा पर्व मनाने की परंपरा शुरू हुई। यह पर्व भाई-बहन के निश्छल प्रेम और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
चुगला की प्रतिमा को जूते से पीटने की है परंपरा
इस पर्व में चुगला की मिट्टी की प्रतिमा बनाकर उसकी चोटी में आग लगाने और जूते से पीटने की परंपरा भी है। इसके माध्यम से चुगलखोरी, झूठ और समाज में नकारात्मकता फैलाने वाले लोगों के प्रति विरोध प्रकट किया जाता है।
पर्व के दौरान महिलाएं पारंपरिक मैथिली गीत गाते हुए सामा-चकेवा की कथा को जीवंत करती हैं। नई धान की फसल से तैयार चूड़ा इस पर्व का विशेष हिस्सा होता है। बहनें अपने भाइयों को चूड़ा-दही खिलाती हैं।
इसके अलावा मिट्टी से बने हंडीनुमा सेखारी में चूड़ा, मुरही और मिठाइयां भरकर पर्व के अंतिम दिन भाइयों को पांच-पांच मुट्ठी प्रसाद देने की परंपरा भी निभाई जाती है।
सात दिनों तक चलता है पर्व, कार्तिक पूर्णिमा को होता है विसर्जन
सामा-चकेवा का त्योहार सात दिनों तक चलता है। इस दौरान बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।
प्रतिदिन शाम को महिलाएं और बच्चियां एकत्रित होकर पारंपरिक गीत गाती हैं तथा सामा-चकेवा और चुगला की कथा का गायन करती हैं।
अंतिम दिन कार्तिक पूर्णिमा को सामा-चकेवा की प्रतिमाओं को टोकरी में सजाकर नदी और तालाबों के घाटों पर पारंपरिक गीतों के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन कर पर्व का समापन होता है।
पर्व को लेकर नरपतगंज, फुलकाहा, घुरना, बसमतिया, बेला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
हाट-बाजारों में कुम्हार समाज के लोगों द्वारा तैयार मिट्टी की सामा-चकेवा प्रतिमाओं और सेखारी की खूब बिक्री हो रही है।
आधुनिकता के दौर में भी इस लोकपरंपरा के प्रति महिलाओं और बच्चों का उत्साह मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।