संतों के सानिध्य से परमात्मा का होता है जुड़ाव : प्रमोद बाबा
अररिया। महर्षि मेंहीं सत्संग आश्रम सुल्तान पोखर, फारबिसगंज में दो दिवसीय संतमत सत्संग का आयोजन
अररिया। महर्षि मेंहीं सत्संग आश्रम सुल्तान पोखर, फारबिसगंज में दो दिवसीय संतमत सत्संग का आयोजन मंगलवार को संपन्न हुआ। सत्संग में कुप्पा घाट, भागलपुर से स्वामी प्रमोद बाबा, करजाइन बाजार के कौसलानंद बाबा, जयकुमार बाबा, बुद्धिनाथ बाबा और जयनारायण बाबा सहित अनेक संत महात्मा ने परमात्मा की भक्ति पर अपने अपने विचार प्रकट किए। संतों ने अपने प्रवचन में बताया कि ईश्वर की भक्ति के बिना मानव का कल्याण संभव नही है। पुनर्जन्म के चक्र से छुटकारा पाने के लिये सभी को परमात्मा की भक्ति करनी चाहिए। वहीं प्रमोद बाबा ने बताया कि मानव जीवन बहुधा दु:ख और क्लेश से भरे हुए हैं। इससे बचने के लिये हमको परमात्मा की भक्ति करनी चाहिए। भक्ति की विधि जानने के लिए संत सदगुरु की शरण में जाना चाहिए। संतों के शरण में जाने से वे हमें ज्ञान की बात बताते हैं। संतों के पास ज्ञान की गंगा बहती है, जिसमें स्नान कर मानव अपने असली स्वरुप का साक्षात्कार कर पाता है। क्योंकि जो संतों से सम्बन्ध जोड़ता है, उसका सम्बन्ध परमात्मा से हो जाता है। सत्संग को सुनने के लिये सैकड़ों की संख्या में सत्संग प्रेमी उपस्थित थे। आयोजकों द्वारा मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था आयोजकों के द्वारा की गई थी। सत्संग समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। सत्संग को सफल बनाने में शोभाचंद्र साह, दयानंद मंडल, दिनेश केशरी, राम कुमार केशरी, बद्री प्रसाद यादव, मनोज साह सहित अनेक सत्संगी महिलाओं ने भी अपना योगदान दिया।