पेंशन नहीं मिलने पर लाभुकों ने किया प्रदर्शन
अररिया। जोकीहाट में प्रखंड कार्यालय की उदासीनता के कारण सैकड़ों गरीब, विधवा, विकलांग
अररिया। जोकीहाट में प्रखंड कार्यालय की उदासीनता के कारण सैकड़ों गरीब, विधवा, विकलांगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि नहीं मिल रही है। रोज दर्जनों बुजुर्ग, विधवा महिला पेंशन राशि के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाते हैं लेकिन कोई इन असहायों की बात सुनते नहीं हैं। इसी बात से आक्रोशित महलगांव पंचायत के दर्जनों बुजुर्गों, विधवाओं व विकलांगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि नहीं मिलने से प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को आक्रोशित होकर लाभुकों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे महलगांव वार्ड नंबर 13 के वार्ड सदस्य मो. अब्दुल वाहिद ने बताया कि करीब दो वर्षों से गरीब, विकलांग व विधवाओं को पेंशन राशि नहीं मिली है जिससे उनके सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। बीडीओ कार्यालय में कोई सुनने वाला नहीं है। दूर दूर से लोग आते हैं बिना काम के लौट जाते हैं। जो पैसा देता है उनका काम शीघ्र हो जाता है। दलाली प्रथा चरम पर है। वार्ड सदस्यों में ग्यारह के तनवीर, बारह के ईसा, एक के आरजू आरा, दो के रकीब, छह के वार्ड सदस्य रूबी परवीन ने बताया कि अधिकांश लाभुक उन्हीं के वार्ड के हैं। लाभुकों में मोसोमात असगरी, मो. कारी, जुबैदा, विकलांग मुन्ना अंसारी, मो. रवैशा, इबरार, सदीर आदि शामिल हैं। लाभुकों ने बताया कि जल्द राशि उनके खाते में नहीं आया तो जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।