विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंकज हत्याकांड: अररिया पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, दोस्त शक के घेरे में

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:31 PM (IST)

सिकटी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय पंकज कुमार की हत्या की गुत्थी अभी तक अनसुलझी है, पुलिस को फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

विलाप करती मृतक पंकज की मां शांति देवी।

विलाप करती मृतक पंकज की मां शांति देवी।

HighLights

  1. 17 वर्षीय पंकज कुमार की हत्या की गुत्थी अनसुलझी है।

  2. पुलिस को फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का है इंतजार।

  3. मृतक के दोस्तों पर भी हत्या का गहरा शक है।

संवाद सूत्र, सिकटी (अररिया)। सिकटी थाना क्षेत्र के खोरागाछ पंचायत अन्तर्गत वार्ड संख्या-दो निवासी पंकज कुमार की हत्या मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

मृतक के शरीर पर न तो चोट और न ही किसी तरह का निशान है। ऐसे में पुलिस को भी इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

हत्या को लेकर मृतक की मां शांति देवी ने गोलू सहित अज्ञात पर केस दर्ज कराया है। हत्या का शक उसके दोस्तों पर भी है। जिनके साथ वह बरदाहा बाजार दुर्गा पूजा मेले में जागरण देखने गया था।

बेटे की मौत से परिवार भी सदमे में है। स्वजनों की माने तो पंकज 16 अक्टूबर को केरल से घर आया था। घटना के एक दिन पूर्व 18 अक्टूबर को बरदाहा थाना क्षेत्र के देगरी गांव में भी अपने दोस्तों के साथ जागरण देखने गया था।

17 वर्षीय पंकज हत्याकांड मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली है। इस मामले में अबतक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस इस हत्याकांड में हर एंगल से जांच में जुटी है। फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सबकी निगाहे टिकी हुई है।

पुलिस का कहना है कि लाश बरामदगी में शव के साथ मोबाइल, रुपये सहित कोई भी अन्य साक्ष्य बरामद नहीं हुआ है। अपराधी ने सभी साक्ष्यों को या तो हटा दिया है या नष्ट कर दिया है। शव के सड़ने के कारण बॉडी को पोस्टमार्टम हेतु भागलपुर भेजा गया है।

चेहरे को पूरी तरह से नष्ट करने का प्रयास किया गया है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर पंकज का कातिल कौन है। पंकज को जान से मारने की धमकी किस वजह से मिली, मृतक की बहन किस आधार पर उसके दोस्तों पर संगीन आरोप लगा रही है। ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब ढूंढना पुलिस के लिए चुनौती है।

विदित हो कि 19 अक्टूबर को बरदाहा में जागरण देखने निकले 17 वर्षीय पंकज कुमार का शव तीसरे दिन बुधवार की संध्या सिकटी थाना क्षेत्र के ठेंगापुर पंचायत स्थित पररिया घाट के समीप घने जंगल में बालू के अंदर दफन मिला था।

सिकटी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हत्याकांड को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल सबकी निगाहें पुलिस की जांच व दबिश पर टिकी हुई है।

यह भी पढ़ें- अररिया में सनसनी: लापता पंकज का शव बालू में दबा मिला, दोस्तों पर हत्या का संगीन आरोप