विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर 16 लाख नेपाली रुपये के साथ युवक गिरफ्तार, SSB और बिहार पुलिस का एक्शन

Published: Thu, 01 Oct 2026 11:18 PM (IST)

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक नेपाली युवक को 16 लाख नेपाली रुपये के साथ गिरफ्तार किया है।

पकड़ा गया आरोपी। (जागरण)

पकड़ा गया आरोपी। (जागरण)

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर 16 लाख नेपाली रुपये जब्त।

  2. एसएसबी और बिहार पुलिस ने नेपाली युवक को दबोचा।

  3. हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका, जांच जारी।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

नरपतगंज प्रखंड के बसमतिया थाना क्षेत्र में बेला यादव टोला के समीप सीमा स्तंभ संख्या 197/5 के पास गुरुवार की सुबह संयुक्त गश्ती दल ने एक बाइक सवार नेपाली युवक को 16 लाख नेपाली रुपये के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास बरामद नेपाली मुद्रा के संबंध में कोई वैध कागजात नहीं था।

जानकारी के अनुसार, एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा की डी कंपनी बेला तथा बसमतिया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारत से नेपाल की ओर बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा लेकर जाने की तैयारी में है।

एसएसबी के निरीक्षक रंजीत मोहंता के नेतृत्व में एसएसबी जवानों तथा बिहार पुलिस के उप निरीक्षक सुनील कुमार सहित पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।

इसी क्रम में सीमा स्तंभ संख्या 197/5 के समीप बेला यादव टोला में भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ की गई।

बाइक का पंजीकरण संख्या बीआर 50 ई-2629 है। पूछताछ में उसने अपनी पहचान नेपाल के सुनसरी जिला निवासी परवेज आलम(19), पुत्र जमालुद्दीन अंसारी के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार झोले में कुल 16 लाख नेपाली रुपये थे।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने संयुक्त टीम को बताया कि उक्त राशि उसे बेला बाजार से मिली थी, जिसे वह बसमतिया निवासी इमाम अंसारी को सौंपने ले जा रहा था। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि रकम किससे प्राप्त की गई थी और इसे नेपाल भेजे जाने का वास्तविक उद्देश्य क्या था।

हवालात के पैसे होने की भी चर्चा

बरामद नेपाली मुद्रा को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। प्रारंभिक स्तर पर इसे हवाला कारोबार से जुड़ी रकम होने की आशंका भी जताई जा रही है।

हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और एसएसबी की टीम आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी राशि का स्रोत क्या है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सीमावर्ती क्षेत्र बेला को पूर्व में भी विभिन्न प्रकार की तस्करी के मामलों को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई करती रही हैं। इस मामले में भी बरामद राशि का किसी अन्य अवैध गतिविधि से संबंध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

कस्टम कार्यालय को सौंपा गया आरोपित

संयुक्त कार्रवाई के बाद बरामद 16 लाख नेपाली रुपये, बाइक और गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी एवं कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कस्टम कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया गया है।

अब कस्टम एवं संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा बरामद राशि के स्रोत, इसके संभावित गंतव्य तथा आरोपित के संपर्क में रहे अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें- ड्राइवर का हाथ-पैर बांधकर जंगल में फेंका, जमुई के बटिया घाटी में स्कॉर्पियो ले उड़े लुटेरे