विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा होगी सख्त, मादक पदार्थों और जाली नोटों के खिलाफ एक्शन प्लान तैयार

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:00 PM (IST)

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है।

अधिकारियों ने की बैठक। (जागरण)

अधिकारियों ने की बैठक। (जागरण)

HighLights

  1. भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कर्मियों की संयुक्त बैठक हुई।

  2. मादक पदार्थों, जाली नोटों की तस्करी रोकने पर जोर दिया गया।

  3. दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों में बेहतर तालमेल पर सहमति बनी।

संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड के भारत-नेपाल की खुली सीमा से होने वाली तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है।

शनिवार को नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर स्थित सीमा स्तंभ संख्या 189 के समीप भारत और नेपाल के सुरक्षा एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई।

इसमें गांजा, स्मैक, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, हवाला कारोबार और जाली नोटों के अवैध धंधे पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पर आपसी समन्वय मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और तस्करी से संबंधित सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने पर जोर दिया।

सुरक्षा कर्मियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी

बैठक में भारतीय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ), फुलकाहा थाना पुलिस और नेपाल पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया।

अधिकारियों ने माना कि खुली सीमा होने के कारण तस्करी में संलिप्त लोग इसका फायदा उठाकर एक देश से दूसरे देश में प्रवेश कर जाते हैं। ऐसे में तस्करों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दोनों देशों की सुरक्षा कर्मियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

बैठक में सीमा क्षेत्र से होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। सीमा स्तंभों की सुरक्षा, सीमावर्ती रास्तों से आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान को लेकर अधिकारियों ने आपसी सहयोग पर बल दिया।

इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित सूचनाएं साझा करने पर भी सहमति बनी।

अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों और पुलिस को समन्वय के साथ काम करना होगा।

तस्करी की सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसियों के बीच त्वरित संवाद और सहयोग से अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।

तस्करों के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी

नेपाल के सुनसरी के डीएसपी मदन नाथ ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।

फुलकाहा बीओपी के आई समवाय प्रभारी जवाहर लाल बोरो ने कहा कि सीमा पर एसएसबी के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने सीमा की सुरक्षा और तस्करी पर रोक लगाने के लिए नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने कहा कि गांजा, स्मैक, शराब सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के साथ हवाला कारोबार और जाली नोटों के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करती है।

खुली सीमा का फायदा उठाकर अवैध कारोबार में शामिल लोग कई बार नेपाल की ओर चले जाते हैं, जिससे उनकी धरपकड़ में चुनौती उत्पन्न होती है।

थानाध्यक्ष ने नेपाल पुलिस से तस्करों की पहचान करने, अवैध गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं साझा करने और जरूरत पड़ने पर आपसी सहयोग से कार्रवाई करने की बात कही। इस पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच समन्वय के साथ काम करने पर सहमति बनी।

बैठक के बाद दोनों देशों के सुरक्षा एवं पुलिस अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में संयुक्त फ्लैग मार्च कर सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

संयुक्त बैठक में एसएसबी की आई समवाय फुलकाहा के प्रभारी जवाहर लाल बोरो, एएसआई तपन समझदार, हेड कॉन्स्टेबल संतोष कुमार, जियाउर रहमान और कांस्टेबल सौरभ पटेल, फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य मौजूद रहे। वहीं, नेपाल एपीएफ से डीएसपी मदन नाथ, हेड कांस्टेबल अनंत नारायण श्रेष्ठ, मातृका पौंडेल और देवन राई शामिल हुए।

नेपाल पुलिस से इंस्पेक्टर प्रकाश पराजुली, एएसआई बाबूराम कार्की, हेड कांस्टेबल विनोद यादव, राम राई तथा कांस्टेबल चंदन खम और डीबी रोक्का ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें- ब‍िहार में भारत नेपाल सीमा पर 1.05 लाख नेपाली करेंसी के साथ युवक गिरफ्तार, एसएसबी ने कस्टम विभाग को किया सुपुर्द