शादी में पटाखे से विवाद...दूल्हा-पिता समेत चार लोग उन्हीं की कार सहित किडनैप, परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार
Araria Kidnapping News शादी के मंडप से दूल्हा और उसके पिता सहित चार लोगों को अगवा किया गया है। दुल्हा अविनेश कुमार के चाचा रामानंद विश्वास ने महलगांव थाना में आवेदन देकर सभी अपहृतों की रिहाई की गुहार लगाई है।
जोकीहाट (अररिया),संवाद सूत्र: शादी के मंडप से दूल्हा और उसके पिता सहित चार लोगों को अगवा किया गया है। दुल्हा अविनेश कुमार के चाचा रामानंद विश्वास ने महलगांव थाना में आवेदन देकर सभी अपहृतों की रिहाई की गुहार लगाई है।
आवेदन में लिखा है कि गुरुवार की रात वे लोग जलालगढ़ थाना क्षेत्र के तरौना गांव से जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महलगांव ओपी के पेचैली गांव बारात लेकर पहुंचे थे। पटाखा छोड़ने के कारण वर व वधू पक्ष में विवाद हो गया।
इस दौरान बौड़ैल गांव के कुछ युवाओं ने दूल्हा अविनेश सहित चार लोगों को बरात पक्ष के ही चार पहिया वाहन से अगवा कर लिया। साथ ही दूल्हन को देने के लिए लाए गए जेवरात व पचास हजार रुपए नकदी भी ले लिया। महलगांव पुलिस छानबीन में जुटी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।