दीपावली आज, जगमगाएगा शहर
अररिया : दीपों का पर्व दीपावली को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शहर सहित ग्रामीण क्ष्
अररिया : दीपों का पर्व दीपावली को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने घरों व आसपास सफाई कार्य में में जुटे हैं। वहीं मिट्टी के दीये, मिठाई व सजावटी वस्तुओं की बिक्री सभी बाजारों व चौक चौराहों पर जोर-शोर से हो रही है। बच्चे पटाखे और फूलझड़ी खरीदने में व्यस्त हैं। शहर के मेन रोड, चांदनी चौक और हाट बाजार रोड में मिट्टी के दीए, लक्ष्मी गणेश और पर्व के दौरान काम आने वाली अन्य वस्तुओं की मंगलवार को खूब बिकवाली हुई। लोग अपने अपने दुकानों और घरों को टिमटिमाती झालरों से सजा रहे हैं। घर को सजाने के लिए गेंदा फूल की लड़ियां खूब बिक रही हैं। वहीं, मिट्टी के दीयों के साथ साथ सजावटी सामान भी लोगों का आकर्षण बने हैं।
- मैया के दरबार से भक्त नहीं लौटते खाली
मां खड्गेश्वरी काली मंदिर अररिया में काली पूजा का शहरवासियों को बेताबी से इंतजार रहता है। मां के दरबार को भक्तों ने भव्य तरीके से सजाया है। बड़े-बड़े तोरणद्वार और मंदिर की साज सज्जा देखते ही बनता है। अररिया की शान के रूप में चर्चित काली मंदिर शहर वासियों के आस्था का मुख्य केन्द्र है। मां खड़गेश्वरी काली मंदिर में मंगलवार की रात्रि पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां काली की पूजा अर्चना किए। नानू दा ने विशेष पूजा करते हुए माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। साधक नानू बाबा व अन्य पंडितों क द्वारा रात भर पूजा अर्चना होती रही। रात्रि पूजा देखने भक्तों की भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी। मन्नतें पूरी होने पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर माता के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। गौरतलब है कि मां खड़गेश्वरी मंदिर अररिया वासियों की शान रही है। काली पूजा के अवसर पर यहां दूर दूर से आकर मन्नतें मांगते हैं। नानू बाबा ने बताया कि जो भी भक्त मां की आराधना करते हैं मैया उनकी झोली खुशियों से भर देती है।