नदियों के उफान के कारण दो दर्जन गांवों में फैला है पानी
संसू जोकीहाट (अररिया) जिले के तीनों प्रमुख नदियां कनकई बकरा व परमान जोकीहाट प्रखंड
संसू, जोकीहाट (अररिया): जिले के तीनों प्रमुख नदियां कनकई, बकरा व परमान जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र होकर गुजरती है। नदियों द्वारा लाई गई बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रखंड में बाढ़ के कारण नेशनल हाईवे 327 ई बौरिया डायवर्जन पर पिछले तीन दिनों से तीन फीट पानी बह रहा है। केसर्रा पंचायत के डकैता, थाकी, जहानपुर, हरदार, तारण, मझुवा, रमरै सतबिटा, भगवानपुर, गैरकी, चीरह, कुरसेल , भूना मजगामा, चैनपुर मसुरिया, मटियारी, रहड़िया, फरसाडांगी गांव में बाढ़ का पानी फैल गया है। मझुवा गांव वार्ड संख्या तीन में तेरह लोगों का घर नदी में विलीन हो गया है। तारण पंचायत वार्ड संख्या 3,4,5, के करीब दो सौ परिवार के आंगन में बाढ़ का पानी घुस गया है। हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित लोगों ने आक्रोश जताते हुए प्रशासन के विरुद्ध गुरूवार को नारेबाजी की। पीड़ितों में मौजो, आजम, मौलवी सलीम, कफील, सैय्याद आदि का घर बकरा नदी में कट रहा है। कटान पीड़ितों ने बताया कि हर साल हमलोग बाढ़ से प्रभावित होते हैं लेकिन कोई देखने वाला नहीं है जबकि करोड़ों रुपये बाढ़ के नाम पर खर्च की जाती है। उधर केसर्रा पंचायत के जहानपुर, बैरगाछी, हरदार, कजलेटा, मालछड़ी, भेलागंज, नौवा ननकार, बारा इस्तबरार , बहार बाड़ी, दौड़ा, ललुवाबाड़ी, दोमोहना, करोहबना, गिरदा, चकई में बाढ़ का पानी फैल गया है जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसानों के धान का बिचड़ा डूब गया है। सब्जी की फसल चौपट हो गया। मवेशी के चारे की कठिनाई हो गई है। वहीं हाईस्कूल जहानपुर जाने वाली चौरधार पुल का एप्रोच कट रहा था जिसे ग्रामीणों की मांग के बाद प्रशासनिक पहल पर मरम्मत की जा रही है। यह एप्रोच कटने से जहानपुर, सोंधा, डुमरिया का सड़क संपर्क भंग हो जाता जिससे करीब दो हजार लोगों का आवागमन बाधित हो जाता। इसी मार्ग से हाईस्कूल के छात्र छात्राएं पढ़ने भी जाती हैं।