अररिया में जितवाहन भगवान की मूर्ति देखने गई 6 वर्षीय मासूम की हत्या, सुनसान घर में फंदे से लटका मिला शव
अररिया के नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र में एक सुनसान घर में छह वर्षीय बच्ची का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मूर्ति देखने गई 6 वर्षीय मासूम की हत्या
HighLights
फुलकाहा में छह वर्षीय बच्ची का शव फंदे से लटका मिला।
बच्ची जितवाहन भगवान की प्रतिमा देखने गई थी, फिर लापता हुई।
परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर पंचायत के भवानीपुर वार्ड संख्या तीन में शनिवार की दोपहर सुनसान घर में छह वर्षीय बच्ची का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना फुलकाहा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृत बच्ची की पहचान भवानीपुर गांव निवासी धीरेंद्र पासवान की छह वर्षीय पुत्री के रूप में बताई गई है।
बच्ची का शव रस्सी के सहारे लटका मिला
बताया गया कि बच्ची घटनास्थल से करीब 400 मीटर उत्तर स्थित जितवाहन भगवान की प्रतिमा देखने के लिए गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे।
इसी बीच घटनास्थल के समीप स्थित कामत पर खेती देखने पहुंचे दिनेश मुखिया के पुत्र की नजर सुनसान घर के अंदर पड़ी। वहां बच्ची का शव घर के धरेन में रस्सी के सहारे लटका हुआ था। यह देखकर उन्होंने इसकी जानकारी बच्ची के स्वजनों और आसपास के लोगों को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर फुलकाहा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच में जुट गए।
घटना को लेकर बच्ची के स्वजनों ने हत्या की आशंका जताई है। स्वजनों का कहना है कि बच्ची की हत्या करने के बाद शव को सुनसान घर में ले जाकर फंदे से लटकाया गया होगा।
यह भी पढ़ें- अररिया में हादसा: परमान नदी में नहाने गईं 3 किशोरियां डूबीं, 1 की मौत
