विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अररिया में हादसा: परमान नदी में नहाने गईं 3 किशोरियां डूबीं, 1 की मौत

Published: Thu, 01 Oct 2026 11:33 PM (IST)

अररिया के परमान नदी में नहाने गईं तीन किशोरियों में से एक को बचाया गया, जबकि एक 15 वर्षीय आफरीन की डूबने से मौत हो गई।

लोगों की लगी भीड़।

लोगों की लगी भीड़।

HighLights

  1. परमान नदी में नहाते समय तीन किशोरियां गहरे पानी में डूबीं।

  2. एक किशोरी आफरीन की डूबने से मौत, शव बरामद हुआ।

  3. दूसरी 12 वर्षीय बच्ची की तलाश एसडीआरएफ द्वारा जारी है।

संवाद सूत्र, अररिया। अररिया शहर के काली बाजार स्थित हरियाली मार्केट के पीछे गुरुवार को परमान नदी में नहाने गईं तीन किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, दो किशोरियां नदी में लापता हो गईं।

एसडीआरएफ की टीम ने काफी खोजबीन के बाद 15 वर्षीय आफरीन का शव बरामद कर लिया। दूसरी 12 वर्षीय बच्ची की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी।

मृत किशोरी की पहचान काली बाजार वार्ड संख्या 23 निवासी जलालुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री आफरीन के रूप में हुई है। वहीं लापता बच्ची की पहचान मो जलाल की 12 वर्षीय पुत्री के रूप में बताई जा रही है। वह भी वार्ड संख्या 23 की निवासी है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम के साथ दो मोटर बोट भी लाई गई थीं। हालांकि, इनमें से एक मोटर बोट खराब बताई गई। इसके कारण लापता बच्ची की तलाश एक ही मोटर बोट के सहारे करनी पड़ी।

एसडीआरएफ के जवान नदी के गहरे हिस्सों में लगातार खोजबीन करते रहे। एक मोटर बोट खराब मिलने की जानकारी पर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी दिखी।

लोगों का कहना था कि नदी में किसी की जान बचाने के अभियान में सभी संसाधन दुरुस्त हालत में उपलब्ध रहने चाहिए। बाद में दूसरे मोटर बोट की व्यवस्था के लिए भी भेजा गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंच गए। स्वजन बदहवास होकर लापता बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे।

आफरीन का शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। वहीं, दूसरी बच्ची की तलाश में एसडीआरएफ के जवान लगातार नदी में अभियान चलाते रहे। समाचार लिखे जाने तक लापता बच्ची बरामद नहीं हो सकी थी।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर में गंडक नदी में नहाते समय 2 बच्चे डूबे, एक को नाविकों ने बचाया; दूसरा लापता