संदिग्ध अवस्था में जवान का शव बरामद, फरार दोस्त को तलाश रही पुलिस
अररिया उपचुनाव में ड्यूटी करने गए एक सिपाही की हत्या कर उसका शव मक्के के खेत में फेंक दिया गया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है, क्योंकि उसका साथी फरार है।
भागलपुर [जेएनएन]। सुपौल जिला पुलिस बल में कार्यरत जवान प्रेम कुमार की सोमवार सुबह सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे चुनावी ड्यूटी के सिलसिले में अररिया आए थे। घटना के बाद से उनका साथी जवान फरार है। दोनों जवानों की ड्यूटी परवाहा संथाल टोला के बूथ पर लगी थी।
घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर मृतक जवान की राइफल और 50 मीटर की दूरी पर मैगजीन मिली है। मृतक प्रेम कुमार पटना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं फरार जवान सुपल सोरेन पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासन गांव का निवासी है। दोनों जवान सुपल के रिश्तेदार विजय मरांडी के घर में रविवार दोपहर से ही ठहरे हुए थे।
इस मामले में विजय मरांडी, उनकी मां व दो बहनों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद संथाल टोला में ही सुपल के रिश्तेदार के घर सुपल व प्रेम रुक गए थे। सुबह आठ बजे दोनों वहां से स्कूटी से रवाना हुए। इसके बाद पास के खेत में प्रेम कुमार की लाश लाश मिली। प्रेम की स्कूटी, मोबाइल फोन और कुछ कारतूस भी गायब हैं। दूसरी ओर पुलिस फरार जवान सुपल सोरेन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कहा-डीएसपी ने
सिर में गोली मारकर प्रेम की हत्या की गई है। कुछ कारतूस और जवान की स्कूटी गायब होने की बात सामने आ रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए फरार पुलिस जवान सुपल सोरेन को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।
- मनोज कुमार, डीएसपी, फारबिसगंज, अररिया