Tata Motors की बिक्री में आई 4 फीसद की गिरावट
टाटा मोटर्स ने नवबंर महीने में 4 फीसद की गिरावट के साथ (CV+PV) में 50,470 यूनिट्स की बिक्री की है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स के लिए नवंबर महीना काफी निराशाजनक रहा। कंपनी ने नवबंर महीने में 4 फीसद की गिरावट के साथ (CV+PV) में 50,470 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि नवंबर 2017 में यह आंकड़ा 52,464 यूनिट्स का था। इंडस्ट्री में तरलता संकट, उच्च ब्याज दरों और बढ़ती ईंधन लागत के परिणामस्वरूप ऑटो कंपनियों ने कम उपभोक्ता भावनाओं को जिम्मेदार ठहराया है। अप्रैल और नवंबर 2018 के बीच कंपनी की घरेलू बाजार में संचयी बिक्री 30 फीसद की वृद्धि के साथ 447,532 यूनिट्स रही है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 344,137 यूनिट्स रहा था।
कमर्शियल व्हीकल्स
कमर्शियल व्हीकल्स बिजनेस की बात करें तो कंपनी ने 5 फीद की गिरावट के साथ 33,488 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि नवंबर 2017 में यह आंकड़ा 35,307 यूनिट्स का था। सालाना बिक्री की बात करें तो टाटा के कमर्शियल व्हीकल बिजनेस में अप्रैल और नवंबर 2018 के बीच 33 फीसद की बढ़त के साथ 305,395 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 229,088 यूनिट्स का था। मीडियम एंड हैवी कमर्शियल व्हीकल की बिक्री में 24 फीसद की बढ़ोतरी देखने को मिली है। कंपनी ने पिछले महीने 12,851 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि बीते वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 9793 यूनिट्स का था।
पैसेंजर व्हीकल्स
टाटा मोटर्स की घरेलू पैसेंजर व्हीकल की बिक्री में 1 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी ने 16,982 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि पिछले साल नवंबर महीने में 17,157 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। सालाना बिक्री की बात करें तो अप्रैल और नवंबर 2018 के बीच टाटा ने 24 फीसद की बढ़त के साथ 142,137 यूनिट्स की बिक्री की है, इससे बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 115,049 यूनिट्स का था। टाटा मोटर्स ने इस त्योहारी सीजन कई नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं, जिनमें नेक्सन Kraz एडिशन, टियागो NRG और टियागो और टिगोर JTP कार शामिल हैं। अब कंपनी वर्ष 2019 के शुरुआत में टाटा हैरियर को लॉन्च करने जा रही है।
टाटा के कुल निर्यात की बात करें तो (CV+PV) की पिछले महीने 7 फीसद की गिरावट के साथ 4604 यूनिट्स का निर्यात किया है, जबकि नवंबर 2017 में यह आंकड़ा 4927 यूनिट्स का था।