अप्रैल 2020 से बंद हो जाएंगी BS-4 गाड़ियां, SC ने माना पर्यावरण के लिए खतरनाक
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद 1 अप्रैल 2020 के बाद से देश में BS-4 वाहनों पर बैन लग जाएगा
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। भारत की सर्वोच्च न्यायालय ने BS-3 वाहनों के बाद अब BS-4 वाहनों को पर्यावरण के लिए हानिकारक बताया है, जिसके बाद 1 अप्रैल 2020 के बाद देश में BS-4 वाहनों पर बैन लग जाएगा। यानी BS-4 वाहनों की अप्रैल 2020 से बिक्री बंद हो जाएगी। इसके अलावा कोर्ट ने इन वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर भी बैन का आदेश सुनाया है।
आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल ही BS-3 वाहनों पर बैन लगाया था, जिसके बाद अब इस स्टेंडर्ड के वाहन भारत में बिकने बंद हो गए हैं।
क्या होता है BS?
BS का पूरा नाम भारत स्टेज है। यह एक स्टेंडर्ड है जिसे सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) तय करता है। हर वाहन पर बताया जाता है कि इसका BS स्टेंडर्ड क्या है। कोई भी वाहन तभी बिक्री के लिए उपलब्ध होता है जब वो भारत स्टेज के मानकों को पूरा करता है। दरअसल इसके जरिए धुएं से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जाता है।
जितना ज्यादा BS, उतना कम प्रदुषण
आपका वाहन वातारण के लिए कितना सही है ये बात BS पर निर्भर करता है। सीधी भाषा में कहें तो जिस गाड़ी का ज्यादा BS, उसका प्रदूषण उतना ही कम। उदाहरण के लिए BS-3 वाहन के मुकाबले BS-4 वाहनों से कम वायु प्रदूषण होता है।
किस BS स्टेंडर्ड से शुरू थे वाहन
भारत में BS-2 इंजन से वाहन बनने शुरू हुए थे, लेकिन बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए BS-2 की जगह अब BS-4 इंजन ने ले ली है। यानी कि आपको बाजार में अब बीएस-4 से कम स्टेंडर्ड वाले नए वाहन खरीदने को नहीं मिलेंगे।
साल 2000 में पहली बार लागू हुआ था BS
BS मानकों को पहली बार साल 2000 में लागू किया गया था। इसके बाद साल 2010 के अक्टूबर महीने में पूरे देश में BS-3 लागू किया गया था। इस दौरान देश के 13 बड़े शहरों में अप्रैल 2010 से ही BS-4 मानक लागू हो गए थे। हालांकि, पूरे देश में BS-4 स्टेंडर्ड साल 2017 में लागू हुए।
BS-4 के बाद BS-6
वायु प्रदूषण को देखते हुए अब तय किया गया है कि BS-4 के बाद सीधे BS-6 स्टेंडर्ड लागू किया जाएगा। हालांकि राजधानी दिल्ली में बीएस 6 वाहनों को अप्रैल 2020 के बजाय अप्रैल 2018 में ही लागू किए जाने की उम्मीद है। बता दें, इसी साल मर्सिडीज और BMW जैसी लग्जरी कार निर्माता कंपनियों ने अपनी BS-VI वाहन पहले ही भारत में लॉन्च कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:
2022 तक भारत की सड़कों पर दिखेंगे लाखों इलेक्ट्रिक वाहन
Royal Enfield Classic 350 Vs Royal Enfield Bullet 350: कीमत और फीचर्स में कौन है सबसे बेस्ट
4 व्हील-ड्राइव का किसी भी SUV की माइलेज और कंट्रोल पर क्या पड़ता है असर, जानिएं 5 बड़ी बातें