सलमान खान के पास है इन बेहतरीन गाड़ियों का कलेक्शन, जानिए कौन सी है फेवरेट कार
सलमान खान के पास टोयोटा से लेकर लेक्सस तक की लग्जरी गाड़ियां मौजूद हैं
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। सलमान खान को कांकाणी काला हिरण शिकार मामले में जोधपुर कोर्ट ने दोषी करार दिया और उन्हें 5 साल की सजा सुनाई गई है। इससे पहले भी इनपर ड्रिंक एंड ड्राइव के मुकदमे लग चुके हैं। हर कोई जानता है सलमान खान लग्जरी कारों के काफी शौकीन हैं। इनके पास टोयोटा से लेकर लेक्सस तक की लग्जरी गाड़ियां मौजूद हैं। आज हम अपनी खबर में इन्हीं गाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी सवारी सलमान खुद करते हैं।
1. मर्सिडीज बेंज GL-क्लास
सलमान खान को अपनी इस एसयूवी से काफी प्यार है। कई बार सलमान खुद इसे चलाते हुए भी नजर आए हैं। इस कार में 3.0 लीटर का V6 इंजन लगा है, जो 362bhp की पावर और 520Nm का टॉर्क जनरेट करता है। हालांकि, बाजार में GL क्लास को फेसलिफ्ट मॉडल GLS से रिप्लेस कर दिया गया है। मर्सिडीज बेंज GLS 350d की कीमत 82.9 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है।
2. टोयोटा लैंड क्रूजर
टोयोटा की फ्लैगशिप एसयूवी है। इसमें 4.5 लीटर का V8 डीजल इंजन दिया गया है। यह इंजन 265bhp की पावर देता है। इसकी कीमत 1.41 करोड़ रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। सलमान को लैंड क्रूजर के पुराने मॉडल में देखा गया था। लेकिन अब इस बात की पुष्टि नहीं है कि सलमान के पास अभी भी यह कार मौजूद है क्योंकि काफी समय से उसे इस कार में देखा नहीं गया।
3. ऑडी RS7
सलमान खान के पास इस वक्त ऑडी की पावरफुल स्पोर्ट्स कार ऑडी RS7 स्पोर्टबैक मौजूद है। सलमान के पास यह कार लाल रंग में उपलब्ध है। इसमें 4.0 लीटर का ट्विन टर्बो V8 इंजन दिया गया है जो 555bhp की पावर जनरेट करता है। इस कार की कीमत 1.36 करोड़ रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) रखी गई है।
4. लैंड रोवर रेंज रोवर
सलमान अक्सर लैंड रोवर रेंज रोवर में दिखाई देते हैं और यह उनकी पसंदीदा कारों में से एक है। हालांकि, सलमान के पास इस कार का पुराना वर्जन मौजूद है। नए वर्जन की कीमत 1.59 करोड़ रुपये से 3.44 करोड़ रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) तक रखी गई है। इसमें 4999cc का 8 सिलेंडर इंजन लगा है, जो 544bhp की पावर जनरेट करता है। इंजन 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है।
5. लेक्सस LX 470
सलमान खान अपनी सफेद रंग की लेक्सस LX 470 को भी कई बार चलाते हुए दिखाई दिए। यह फुल साइज एसयूवी 2003 मॉडल है जो कि टोयोटा लैंड क्रूजर पर बेस्ड है। यह मॉडल बंद हो चुका है। भारतीय बाजार में इस वक्त लेक्सस LX 570 की बिक्री कर रही है। इसकी कीमत 2.32 करोड़ रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। इसमें 4461cc का इंजन लगा है जो 261bhp की पावर जनरेट करता है। इसके साथ ही सलमान खान के पास मर्सिडीज बेंज एस क्लास, ऑडी A8L, BMW X6, BMW M3 और BMW M5 कार मौजूद है।