Revolt RV 400: भारत की सबसे पहली इलेक्ट्रिक बाइक का क्या है iphone से कनेक्शन?
Revolt Intellicorp ने Revolt RV 400 और Revolt RV 300 की कीमतों को लेकर वही रणनीति अपनाई है जिसे Apple ने iPhone के लिए अपनाया था
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। Revolt Intellicorp ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक को भारत में लॉन्च कर दिया है। Revolt RV 300 और Revolt RV 300 दोनों ही भारतीय बाजार में लॉन्च हो गई हैं। हालांकि, कंपनी ने इनकी कीमतों को बताने के बजाए इनके स्टार्टिंग प्लान की जानकारी दी है। Revolt ने Apple की उसी रणनीति को अपनाया है, जिसे Apple ने iPhone को लेकर US में अपनाया था। Revolt Intellicorp प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर राहुल शर्मा ने कहा कि Apple ने iPhone की सीधी कीमत को बताने के बजाए 40 डॉलर प्रति माह का प्लान दिया। इससे लोगों के ऊपर कीमत का भार नहीं पता चला। Apple की iPhone को लेकर इसी रणनीति को अब कंपनी ने भारत में अपनाया है।
आप सोच रहे होंगे कि यहां चल क्या रहा है? क्या कंपनी ने अपने बाइक्स की कीमत नहीं बताई? तो आपके इन सभी सवालों का जवाब हम बिना किसी सस्पेंस के देते हैं। कंपनी की एंट्री-लेवल बाइक RV 300 को खरीदने के लिए आपको 2999 रुपये प्रति माह देना होगा। ऐसा आपको 37 महीनों तक करना होगा। यानी आपको Revolt RV 300 के लिए 37x2999= 110,963 रुपये देने होंगे।
अगर आप Revolt RV 400 के स्टेंडर्ड वेरिएंट को खरीदना चाहते हैं तो कंपनी इस पर 3499 रुपये प्रति माह का प्लान दे रही है। इनमें भी 37 महीनों तक लगातार भुगतान करना होगा। यानी Revolt RV 400 के स्टेंडर्ड वेरिएंट को खरीदने के लिए आपको 37x3499= 129,463 रुपये देने होंगे। जबकि, इसके प्रीमियम वेरिएंट के लिए आपको 37x3999= 147,963 रुपये देने होंगे।
Revolt RV 400 में लिथियम-ऑयन की बैटरी दी गई है। यह इलेक्ट्रिक बाइक फुल चार्ज पर 156 किलोमीटर का रेंज देती है। इसे फुल चार्ज होने में चार घंटे से भी कम का समय लगता है। इसमें आपको रिमूवेबल बैटरी मिलती है, जिसे आप ऑन बोर्ड चार्जर की मदद से घर या ऑफिस कहीं भी चार्ज कर सकते हैं। RV 400 में 3kW का इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो 175Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। Revolt RV 400 की टॉप स्पीड 85 किलोमीटर प्रति घंटे है। कंपनी इसकी बैटरी पर अनलिमिटेड वारंटी दे रही है।