विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Renault Kiger को Global NCAP क्रैश टेस्ट में मिली 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग, पहले मिले थे केवल 2-स्टार

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:30 PM (IST)

Renault Kiger ने छह एयरबैग और नए सेफ्टी फीचर्स के साथ Global NCAP में एडल्ट सुरक्षा के चार और चाइल्ड सुरक्षा के तीन स्टार हासिल किए।

Renault Kiger Global NCAP Africa Test

Renault Kiger Global NCAP Africa Test

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। किसी कार की असली मजबूती का पता सिर्फ उसके लुक और फीचर्स से नहीं, बल्कि दुर्घटना के दौरान मिलने वाली सुरक्षा से चलता है। Renault Kiger ने इस मामले में अपनी पिछली पहचान बदलते हुए दो स्टार से सीधे चार स्टार (Renault Kiger Global NCAP Africa test) तक का सफर तय किया है। छह एयरबैग, ESC और ISOFIX जैसे सेफ्टी फीचर्स से लैस अपडेटेड Kiger ने Global NCAP के क्रैश टेस्ट में बेहतर रिजल्ट लेकर आई है। हालांकि, बच्चों की सुरक्षा के मामले में इसे अभी भी तीन स्टार ही मिले हैं। ऐसे में जानना दिलचस्प होगा कि आखिर नए मॉडल में क्या बदलाव हुए और क्रैश टेस्ट के दौरान यह SUV कितनी खरी उतरी।

पहले दो एयरबैग वाले मॉडल का हुआ था क्रैश टेस्ट

Global NCAP ने Renault Kiger को उस समय क्रैश टेस्ट के लिए चुना था, जब इसमें केवल दो एयरबैग स्टैंडर्ड मिलते थे। उस मॉडल में ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) भी नहीं थे। टेस्ट के बाद इस मॉडल को एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 2 स्टार और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 1 स्टार मिला था। इसके बाद Renault ने Kiger के सेफ्टी फीचर्स में बदलाव किए और अपडेटेड मॉडल को खुद टेस्ट के लिए Global NCAP के पास भेजा।

अपडेटेड Renault Kiger में मिलते हैं छह एयरबैग

अपडेटेड Renault Kiger में अब छह एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा कार में ESC, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और पैदल यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े फीचर्स भी दिए गए हैं। इन बदलावों के बाद SUV ने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में चार स्टार और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में तीन स्टार हासिल किए। पहले के मुकाबले यह एक बड़ा सुधार है। Global NCAP ने अपने बयान में इस बदलाव को बेहतर सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Renault Kiger Global NCAP Africa test

Renault Kiger Global NCAP का रिजल्ट

फ्रंटल क्रैश टेस्ट

छह एयरबैग वाले अपडेटेड Kiger के फ्रंटल क्रैश टेस्ट में फुटवेल एरिया और बॉडीशेल को अस्थिर (Unstable) पाया गया। इसका मतलब है कि ये हिस्से आगे लगने वाले एक्स्ट्रा भार को सहन करने में कैपेबल नहीं थे। इस टेस्ट में तीन साल के बच्चे के डमी का सिर कार के अंदरूनी हिस्से से टकराया और उसके सीने में तेज डिकेलेरेशन दर्ज किया गया। वहीं, 18 महीने के बच्चे के डमी को फ्रंटल इम्पैक्ट में सिर और गर्दन के लिए पूरा सुरक्षा मिली।

Renault Kiger Global NCAP Africa test (2)

साइड इम्पैक्ट टेस्ट

साइड इम्पैक्ट टेस्ट के दौरान अपडेटेड Renault Kiger का एक दरवाजा खुल गया, जिसके कारण कुछ अंक कट गए। इस टेस्ट में सिर, पेट और पेल्विस को अच्छी सुरक्षा मिली, जबकि छाती की सुरक्षा पर्याप्त (Adequate) रही। साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में सिर और पेल्विस की सुरक्षा अच्छी, पेट की सुरक्षा पर्याप्त और छाती की सुरक्षा सीमित (Marginal) पाई गई। तीन साल के बच्चे के डमी के लिए साइड इम्पैक्ट में सिर के संपर्क में आने की वजह से उसके सभी साइड इम्पैक्ट अंक शून्य रहे। हालांकि, 18 महीने के बच्चे के डमी को फ्रंटल और साइड दोनों टेस्टों में पूरी सुरक्षा मिली।

पैदल यात्रियों की सेफ्टी

Global NCAP के अनुसार, अपडेटेड Renault Kiger ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े UN127 नियमों को पूरा किया। इसके साथ ही कार ने ESC और सीटबेल्ट रिमाइंडर (SBR) से जुड़ी Global NCAP की जरूरतों का भी पालन किया। क्रैश टेस्ट प्रोटोकॉल में फ्रंटल और साइड इम्पैक्ट के साथ ESC का आकलन किया जाता है। सबसे ज्यादा स्टार रेटिंग हासिल करने के लिए पैदल यात्री सुरक्षा और साइड पोल इम्पैक्ट का टेस्ट भी जरूरी होता है।

Renault Kiger की नई सेफ्टी रेटिंग क्यों है अहम?

Renault Kiger की रेटिंग में हुआ सुधार बताता है कि छह एयरबैग, ESC और ISOFIX जैसे सेफ्टी फीचर्स का कार की सुरक्षा में जरूरी योगदान होता है। हालांकि, फ्रंटल क्रैश टेस्ट में अपडेटेड मॉडल के फुटवेल और बॉडीशेल का अस्थिर रहना तथा तीन साल के बच्चे के डमी के साइड इम्पैक्ट नतीजे यह भी दिखाते हैं कि इसमें कुछ सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं। इसलिए चार स्टार की एडल्ट रेटिंग के साथ तीन स्टार की चाइल्ड रेटिंग और टेस्ट में सामने आई कमियों को भी समझना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- Mahindra XUV 3XO ZNG बनी भारत की सबसे सुरक्षित सब-कॉम्पैक्ट SUV, 5-स्टार BNCAP रेटिंग के साथ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।