नई मारुति सुजुकी अर्टिगा vs महिंद्रा मराजो: पढ़ें कम्पैरिजन
पुरानी जनरेशन LXi के मुकाबले नई जनरेशन अर्टिगा LXi करीब 1 लाख रुपये महंगी है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। नई जनरेशन मारुति सुजुकी अर्टिगा भारत में लॉन्च हो चुकी है। कंपनी ने पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट की शुरुआती कीमत 7.44 लाख रुपये और पेट्रोल ऑटोमैटिक वेरिएंट की शुरुआती कीमत 9.18 लाख रुपये रखी है। ये सभी कीमतें एक्स शोरूम दिल्ली हैं। भारतीय बाजार में नई अर्टिगा को 10 ट्रिम्स के साथ 5 कलर विकल्प और दो इंजन विकल्प के साथ उतारा है। नई-जनरेशन अर्टिगा मारुति के हर्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर बनी है और इसमें नए 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ पुराना 1.3 लीटर DDiS डीजल इंजन दिया गया है। कुल मिलाकर डिजाइन नया है और अर्टिगा पुराने मॉडल के मुकाबले अब बड़ी है।
पुरानी जनरेशन LXi के मुकाबले नई जनरेशन अर्टिगा LXi करीब 1 लाख रुपये महंगी है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि कंपनी ने इसमें कई ऐसे नए फीचर्स शामिल किए हैं जो कि अभी तक पुरानी जनरेशन मॉडल में नहीं थे। पुराने वर्जन के पेट्रोल ट्रिम्स और नई अर्टिगा रेंज की कीमत में 50,000 रुपये से 70,000 रुपये तक का अंतर है। LDi और ZDi डीजल ट्रिम्स की कीमतें पुराने मॉडल के मुकाबले लगभग समान हैं। वहीं, अगर टॉप-स्पेसिफिकेशन ट्रिम्स जैसे ZDi और ZDi+ की बात करें तो ये पुरानी जनरेशन अर्टिगा से करीब 44,000 और 21,000 रुपये महंगी हैं। लेकिन अगर हम कीमत के आधार पर इसका मुकाबला महिंद्रा मराजो से करें तो सामने निकल कर क्या आता है, आइए जानते हैं।
मारुति सुजुकी अर्टिगा को 10 वेरिएंट्स के साथ लॉन्च किया गया है जबकि मराजो में सिर्फ 4 वेरिएंट्स ही दिए गए हैं। इसके अलावा मराजो सिर्फ डीजल इंजन के साथ ही उपलब्ध है। वहीं, अर्टिगा पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन के साथ आती है। अर्टिगा के बेस वेरिएंट की कीमत 7.44 लाख रुपये है, जो कि 9.55 लाख रुपये टॉप स्पेसिफिकेशन्स ZXi ऑटोमैटिक तक जाती है, जो कि 10 लाख रुपये के अंदर ही है। इससे साफ है कि जिन ग्राहकों का बजट 10 लाख रुपये से कम है तो उनके पास नई जनरेशन अर्टिगा पेट्रोल एक बेहतर विकल्प साबित होगी।
अर्टिगा डीजल वेरिएंट्स | कीमत (एक्स-शोरूम) | मराजो 7-सीटर वेरिएंट्स | कीमत (एक्स-शोरूम) |
Ldi | ₹ 8.84 लाख | M2 | ₹ 9.99 लाख |
Vdi | ₹ 9.56 लाख | M4 | ₹ 10.95 लाख |
Zdi | ₹ 10.39 लाख | M6 | ₹ 12.40 लाख |
Zdi+ | ₹ 10.90 लाख | M8 | ₹ 13.90 लाख |
अगर हम दोनों अर्टिगा और मराजो के डीजल वेरिएंट की बात करें तो दोनों के ही चार वेरिएंट्स मौजूद हैं। अर्टिगा बेस ट्रिम यानी अर्टिगा डीजल की कीमत 8.84 लाख रुपये है। वहीं, मराजो M2 की कीमत 9.99 लाख रुपये है। अगर आप दोनों के ही टॉप मॉडल तक जाते हैं तो आपको दोनों की कीमत में करीब 3 लाख रुपये का अंतर दिखाई देगा।
मराजो के अलावा अर्टिगा के दूसरे दो वाहनों रेनो लॉजी और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा से भी मुकाबला है। रेनो लॉजी की शुरुआती कीमत 8.63 लाख रुपये है जो कि 12.11 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) तक जाती है। रेनो ने लॉजी को 7 वेरिएंट्स के साथ उतारा है। इसके बावजूद भी इस सेगमेंट में रेनो लॉजी को इतनी अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलती।