लॉन्च से पहले MG ZS EV ने मचाया धमाका, महीने भर में 2100 ग्राहकों ने किया बुक
MG Motor अपनी MG ZS Electric SUV को 23 जनवरी 2020 को लॉन्च करने जा रही है जिसके महीने भर के अंदर 100 यूनिट्स बुक हो चुके हैं
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। MG Hector की धुंआधार बिक्री के बाद अब MG Motor India एक बार फिर ग्राहकों को हैरान करने के लिए तैयार है। भारतीय बाजार में MG Motor अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV को लॉन्च करने जा रही है। MG Motor अपनी MG ZS Electric SUV को 23 जनवरी 2020 को लॉन्च करने जा रही है। इससे पहले कंपनी इसे 27 जनवरी 2020 को लॉन्च करने वाली थी, लेकिन फिर इसके लॉन्च डेट में बदलाव किया गया। MG Motor की MG ZS EV के लॉन्च से पहले ने इसके 2100 यूनिट्स की बुकिंग हो चुकी है। खास बात यह है कि 2100 बुकिंग का आंकड़ा कंपनी ने केवल महीने भर के अंदर ही हासिल कर लिया है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि MG Motor ने अपनी MG ZS EV की बुकिंग को 22 दिसंबर को शुरू किया था। हालांकि, अब 17 जनवरी 2020 को कंपनी ने इसकी बुकिंग बंद कर दी है। भारतीय बाजार में MG Motor अपनी MG ZS EV की बिक्री CKD रूट के जरिए करेगी। MG Motor की इस इलेक्ट्रिक कार की MG Hector के साथ गुजरात के प्लांट में असेंबलिंग होगी। शुरुआती दौर में MG ZS EV की बिक्री दिल्ली, मंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु और हैदराबाद में होगी।
MG Motor ने अपनी MG ZS EV को भारत में पिछले साल यानी कि 5 दिसंबर 2019 को पर्दा हटाया था। हालांकि, उस समय कंपनी ने इसकी कीमतों के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी थी। माना जा रहा है कि कंपनी अपनी इस नई इलेक्ट्रिक SUV को 20 लाख रुपये की कीमत के आस पास लॉन्च कर सकती है।
MG ZS EV में 44.5 kWh का बैटरी पैक दिया है। इसकी बैटरी IP67 सर्टिफाइड है। यानी इस पर पानी और धूल का असर नहीं पड़ता है। MG ZS EV का मोटर 141 bhp की पावर और 353 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।