पिछले महीने MG Motor India ने की जीरो बिक्री, जानें जनवरी से अप्रैल तक कैसी रही थी सेल्स
MG Motor India ने अप्रैल 2020 में घरेलू बाजार में जीरो रिटेल बिक्री की है।
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। MG Motor India ने अप्रैल 2020 में घरेलू बाजार में जीरो रिटेल बिक्री की है। राष्ट्रयव्यापी लॉकडाउन के चलते कंपनी के शोरूम बंद हैं। कार निर्माता कंपनी ने अप्रैल 2020 के अंतिम सप्ताह में हलोल में अपने प्लांट में छोटे पैमाने पर संचालन और विनिर्माण प्रक्रिया शुरू की है। कंपनी को उम्मीद है कि प्रोडक्शन मई के महीने में बढ़ेगा और स्थानीय सप्लाई-चेन को सपोर्ट करने पर काम कर रहा है।
MG Motor इंडिया नए मानकों के अनुसार काम करने के लिए कमर कस रही है जिसमें स्वच्छता और सामाजिक दूरियां शामिल हैं। वर्तमान परिदृश्य में इसका मुख्य ध्यान नए SOP पर, डीलर कर्मचारियों सहित अपने पूरे कार्यबल के स्वास्थ्य, कल्याण और प्रशिक्षण पर रहता है।
मार्च 2020 में MG Motor ने फरवरी 2020 से ज्यादा वाहनों की बिक्री की थी। MG Motor India ने मार्च 2020 में 1,518 यूनिट्स की बिक्री की है, जो कि फरवरी 2020 के मुकाबले 10.32 फीसद ज्यादा थी। इसमें MG ZS EV की 116 यूनिट्स और MG Hector की 1,402 यूनिट्स शामिल हैं। फरवरी महीने में कंपनी ने कुल 1,376 यूनिट्स की बिक्री की थी, जिसमें ZS EV की 158 यूनिट्स और MG Hector की 1,218 यूनिट्स शामिल थी। वहीं, जनवरी महीने में MG Motor ने 3,130 यूनिट्स की बिक्री की थी।
MG Motor इंडिया ने हाल ही में वेंटिलेटर्स के प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए मैक्स वेंटिलेटर के साथ साझेदारी की है। इसके साथ ही कंपनी विभिन्न प्राधिकरण को 100 Hector SUVs दान में दे रही है और साथ ही Covid-19 की लड़ाई में 2 करोड़ रुपये का भी दान दे रही है। अब, MG Motor इंडिया ने अहमदाबाद स्थित नटराज मोटर बॉडी बिल्डर्स के साथ मिलकर MG Hector को एम्बुलेंस के रूप में बनाया है। MG की इंजीनियरिंग टीम इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनी थी और इस पूरी प्रक्रिया में 10 दिन लगाए।