मर्सिडीज-बेंज भारत में बना सकती है इलेक्ट्रिक कारें, दूसरी कंपनियां भी कर रही तैयारियां
मर्सिडीज-बेंज भारत में इलेक्ट्रिक कारें बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी को लगता है कि भारत इलेक्ट्रिक कारों के लिए बड़ा बाजार हो सकता है। इसलिए कंपनी पुणे के चाकन स्थित अपने प्लांट में इलेक्ट्रिक कारें बनाएंगी।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। मर्सिडीज-बेंज भारत में इलेक्ट्रिक कारें बनाने की तैयारी कर रही है। कंपनी को लगता है कि भारत इलेक्ट्रिक कारों के लिए बड़ा बाजार हो सकता है। इसलिए कंपनी पुणे के चाकन स्थित अपने प्लांट में इलेक्ट्रिक कारें बनाएंगी। मर्सिडीज-बेंज अगले साल से नए इलेक्ट्रिक सब ब्रैंड 'ईक्यू' की ग्लोबल सेल्स शुरू करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी भारत सरकार के इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ बढ़ाए जाने वाले कदमों पर नजर बनाए हुए है। कंपनी ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक कारें बनाने को लेकर कई चुनौतियां हैं। इसमें इलेक्ट्रिक कारों के लिए इकोसिस्टम तैयार करना भी एक चुनौती है। मर्सिडीज के अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक कारों पर इंपोर्ट ड्यूटी को लेकर फ्लेक्सिबल नीतियों की वकालत की है।
कंपनी ने हाल ही में भारत में अपनी S63 AMG कूपे को लॉन्च किया है। दिल्ली में इसकी एक्स शोरुम कीमत 2.55 करोड़ रुपये है। AMG S 63 कूपे लिथियम-आयन बैटरी, कंपोसिट ब्रेकिंग सिस्टम और लाइट फॉर्ज्ड एलॉय व्हील की वजह से पिछले मॉडल के मुकाबले हल्की है। इससे पहले इसी साल E 63 S 4Matic+, GLE 43 औरेंज आर्ट और SLC 43 रेड आर्ट AMG लॉन्च कर चुकी है।
मर्सिडीज-बेंज के अलावा कई और ऑटो कंपनियां भी इलेक्ट्रिक कारें लाने की तैयारी में है। इनमें हुंडई, ऑडी, वोल्वो और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियां शामिल हैं। महिंद्रा पहले ही अपनी इलेक्ट्रिक कार लॉन्च कर चुकी है। सरकार भी इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर दे रही है।