मारुति सुजुकी FY18 की पहली तिमाही में बनी सबसे बड़ी UV बनाने वाली कंपनी
मारुति सुजुकी इंडिया वित्त वर्ष 2018 की पहली तिमाही में सबसे बड़ी यूटिलिटी व्हीकल्स बनाने वाली कंपनी बन गई है
नई दिल्ली (जेएनएन)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया वित्त वर्ष 2018 की पहली तिमाही में सबसे बड़ी यूटिलिटी व्हीकल्स बनाने वाली कंपनी बन गई है। कंपनी ने 45 फीसद की वृद्धि के साथ 57,125 यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री की है जिसमें मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा, अर्टिगा और S-क्रॉस शामिल हैं। इससे बीते वित्त वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 39,348 यूनिट्स की बिक्री की थीं।
बी-सेगमेंट में बढ़ा कंपनी का शेयर:
कंपनी के मुताबिक विटारा ब्रेजा और अर्टिगा ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यूटिलिटी व्हीकल्स की बिक्री को बूस्ट किया है। बी-सेगमेंट में कंपनी का मार्केट शेयर चालू वित्त वर्ष में बढ़कर 7.7 फीसद बढ़ा है। अप्रैल से जून 2017 में मारुति सुजुकी का शेयर बी-सेगमेंट में 29.3 फीसद हो गया है जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 21.5 फीसद था।
विटारा ब्रेजा और अर्टिगा की बिक्री:
विटारा ब्रेजा पिछले एक साल से बाजार में काफी अच्छा रिस्पांस दे रही है। मारुति सुजुकी ने इसे सबसे पहले मार्च 2016 में लॉन्च किया था और तब से अब तक कंपनी ने इसकी 1.45 लाख यूनिट्स बेच दी हैं। अगर हम अर्टिगा की बात करें तो कंपनी ने इसकी अब तक 3.42 लाख यूनिट्स बेच दी हैं। वित्त वर्ष 2018 की पहली तिमाही में अर्टिगा की 18,700 यूनिट्स की बिक्री हुई है। इसके साथ ही यह पहली MUV है जिसे माइल्ड-हाइब्रिड डीजल टेक्नोलॉजी के साथ उतारा जाएगा।
विटारा ब्रेजा की साल 2017 में बिक्री | यूनिट्स |
जनवरी 2017 | 8,932 |
फरवरी 2017 | 10,046 |
मार्च 2017 | 10,057 |
अप्रैल 2017 | 10,563 |
मई 2017 | 12,375 |
जून 2017 | 8,239 |
विटारा ब्रेजा मई महीने में बिकी सबसे ज्यादा:
मारुति सुजुकी की विटारा ब्रेजा मई 2017 में सबसे ज्यादा बिकी है। इस महीने कंपनी ने 12,375 यूनिट्स की बिक्री की है। लेकिन अगले महीने जून 2017 में जीएसटी के चलते विटारा ब्रेजा की बिक्री में इस साल की सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। जून महीने में कंपनी ने 8,239 यूनिट्स की बिक्री की है।