JLR की बिक्री 10 फीसद बढ़ी, जानें अन्य कार कंपनियों की नवंबर महीने की सेल्स
जैगुआर लैंड रोवर की बिक्री नवंबर महीने में 10 फीसद बढ़ी है। इसके अलावा अन्य कार कंपनियों की बिक्री में भी तेजी देखी गई है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली कंपनी जैगुआर लैंड रोवर की बिक्री नवंबर महीने में 10 फीसद बढ़ी है। कंपनी ने 52,332 यूनिट्स की बिक्री की है। टाटा मोटर्स की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक 2017 के 11 महीने यानि जनवरी से नवंबर 2017 के दौरान लैंड रोवर की बिक्री का आंकड़ा 4 लाख के पार पहुंच गया है जबकि जैगुआर की सेल में इस दौरान 23 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से नवंबर के दौरान टाटा मोटर्स ने कुल 4,01,890 लैंड रोवर गाड़ियों की सेल की है जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 1.6 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के मुताबिक बिते नवंबर में लैंड रोवर की बिक्री में 17 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, नवंबर में टाटा मोटर्स ने कुल 38,664 लैंड रोवर गाड़ियों की सेल की है।
जैगुआर की सेल की बात करें तो जनवरी से नवंबर के दौरान कंपनी ने कुल 1,63,522 गाड़ियों की सेल की है जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 23.5 प्रतिशत ज्यादा है। नवंबर के दौरान जैगुआर की सेल में 6 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, नवंबर में कंपनी ने कुल 13,688 जैगुआर गाड़ियां बेची हैं।
मारुति की बिक्री 14.1 फीसद बढ़ी:
मारुति सुजुकी इंडिया ने नवंबर महीने में 154,600 यूनिट्स की बिक्री की है। नवंबर 2016 के मुकाबले यह 14.1 फीसद की वृद्धि हुई है। मारुति ने घरेलू बाजार में 145,300 यूनिट्स की बिक्री की है। वहीं, 9,300 वाहनों का निर्यात किया है। आपको बता दें मारुति सुजुकी ने नवंबर 2016 में 135,550 वाहनों की बिक्री की थी।
टोयोटा की बिक्री में भी आया उछाल:
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने नवंबर महीने में घरेलू बाजार में 13 फीसद की वृद्धि के साथ 12,734 यूनिट्स की बिक्री ही है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 11,309 यूनिट्स बेची थीं। कंपनी ने इटियोज सीरीज की 46.57 फीसद की गिरावट के साथ 686 यूनिट्स का निर्यात किया है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने इसी की 1,284 यूनिट्स निर्यात की थीं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री 18% बढ़ी:
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने नवंबर महीने में 38,570 वाहनों की बिक्री की है, जो कि पिछले साल नवंबर महीने के मुकाबले 18 फीसद ज्यादा है। कंपनी ने नवंबर 2016 में 32,564 यूनिट्स की बिक्री की थी। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट (UVs, कार्स और वैन्स) में 21 फीसद वृद्धि के साथ नवंबर महीने में 16,030 यूनिट्स की बिक्री की है। नवंबर 2016 में कंपनी ने 13,198 यूनिट्स की बिक्री की थी।
कंपनी ने घरेलू बाजार में नवंबर महीने में 36,039 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि नवंबर 2016 में 29,869 यूनिट्स की बिक्री की थी। मीडियम और हैवी कमर्शियल व्हीकल्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 122% की वृद्धि के साथ 792 यूनिट्स की बिक्री की है। निर्यात की बात करें तो कंपनी ने 2,531 वाहनों को नवंबर महीने में निर्यात किया है जो कि पिछले साल समान अवधि के मुकाबले 6 फीसद की गिरावट है।
फोर्ड इंडिया की बिक्री में 29 फीसद की तेजी:
फोर्ड इंडिया ने नवंबर महीने में 28.63 फीसद की वृद्धि के साथ 27,019 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने बीते वर्ष समान अवधि में 21,004 यूनिट्स की बिक्री की थी। घरेलू बाजार में कंपनी ने 13.1 फीसद की वृद्धि के साथ 7,777 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि बीते वर्ष नवंबर महीने में 6,876 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी ने कहा कि उसकी बिक्री में यह बूस्ट हाल ही में पेश की गई कॉम्पैक्ट SUV फोर्ड ईकोस्पोर्ट की वजह मिला है। निर्यात की बात करें तो कंपनी ने 36.19 फीसद की वृद्धि के साथ 19,242 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि नवंबर 2016 में कंपनी ने 14,128 यूनिट्स की बिक्री की थी।
हुंडई की बिक्री में 10% का उछाल:
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने नवंबर महीने में 10 फीसद की वृद्धि के साथ 44,008 यूनिट्स की बिक्री की है। कंपनी ने नवंबर 2016 में 40,016 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी ने बताया कि उसकी बिक्री में यह उछाल नेक्स्ट जनरेशन वर्ना, ग्रैंड i10, एलीट i20 और क्रेटा की मजबूत बिक्री के चलते आया है।