टेस्ला की पहली इलेक्ट्रिक कार भारत में हुई रजिस्टर्ड, मॉडल X को इंडिया लाने में नहीं लगा कोई टैक्स
टेस्ला मॉडल एक्स 90D कार का मुंबई के ताड़देव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में रजिस्ट्रेशन कराया गया है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। टेस्ला मॉडल एक्स इंपोर्टेड कार का मुंबई के ताड़देव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में रजिस्ट्रेशन कराया गया है। अमेरिका कार निर्माता कंपनी की यह हाई-एंड इलेक्ट्रिक कार सेल्फ ड्राइविंग की क्षमता से लैस है। यह कार एक प्रीमियम स्पोर्ट यूटीलिटी व्हीकल (SUV) है और इसे एस्सार समूह के सीईओ प्रशांत रुइया ने खरीदा है।
मुंबई RTO के एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्मल तौर पर 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाली इंपोर्टेड कार पर 20 लाख रुपए टैक्स वसूला जाता है, लेकिन एक इलेक्ट्रिक व्हीकल होने के नाते यह कार आरटीओ टैक्स और सेस से मुक्त है। ऑनलाइन कार सेलर वेबासाइट के मुताबिक टेस्ला एक्स एसयूवी की दिल्ली में कीमत 55.00 लाख रुपए है।
करेंट फाइनेंसियल ईयर के दौरान मुंबई में रजिस्टर्ड होने वाली यह 16वीं इलेक्ट्रिक कार है। नौ कारों को ताड़देव आरटीओ में रजिस्टर्ड करवाया गया है, जबकि अंधेरी आरटीओ और बोरीवली आरटीओ में तीन-तीन कारों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। वडाला आरटीओ में अब तक केवल एक कार का रजिस्ट्रेशन हुआ है। हाल ही में ब्रहनमुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई और ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) ने अपने फ्लीट में 5 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया है, जिनका परिचालन साउथ मुंबई में किया जा रहा है।
टेस्ला मॉडल X की बात करें तो इसे मुंबई में ग्रीनविच मेरिडियन लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट से मंगवाया गया है। यह मॉडल X वर्जन 90D है। यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 414km का सफर तय कर लेती है।
महिंद्रा 2019-20 तक तीन कारें करेगी लॉन्च:
महिंद्रा ने हाल ही में ऐलान था कि कंपनी भारत में साल 2019-20 तक तीन नई दमदार इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करेगी। ये 3 नई कारें न केवल स्पीड के मामले में खास होंगी बल्कि इनकी परफॉरमेंस भी बेहतर होगी, सूत्रों के मुताबिक इन 3 नई कारों की टॉप स्पीड 150 kmph, 186 kmph, और 190 kmph होगी। फुल चार्ज होने पर ये कारें 250 किमी, 300 किमी और 350 किमी तक की दूरी तय कर सकेंगी। इस समय इलेक्ट्रिक कार मार्किट में महिंद्रा की फिलहाल 4 गाड़ियां उपलब्ध हैं, इसमें e2o (हैचबैक), eVerito (सिडैन), eSupro (मिनी वैन) और eAlfa mini (रिक्शा) शामिल हैं। आपको बता दें कि महिंद्रा के MD पवन गोयनका ने यह भी कन्फर्म किया था कि 2019 तक कंपनी हर महीने 5000 इलेक्ट्रिक कारें बनाने लगेगी।