इंडियन मोटरसाइकिल 24 नवंबर को लॉन्च करेगी नई स्काउट बॉबर, डुकाटी डियाविल को देगी टक्कर
इंडियन मोटरसाइकिल इंडिया बाइक वीक 2017 में नई स्काउट बॉबर को लॉन्च करने जा रही है। इसका मुकाबला डुकाटी डियाविल से होगा
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अमेरिका की बाइक निर्माता कंपनी इंडियन मोटरसाइकिल भारत में अपनी दमदार बाइक 2018 स्काउट बॉबर को लॉन्च करने वाली है। कंपनी इसे देश में इंडिया बाइक वीक 2017 के दौरान लॉन्च करेगी। 4 महीने पहले ही इस बाइक को कंपनी ने पेश किया था। यह क्रूजर बाइक भारत में पहले से ही बेची जा रही इंडियन स्काउट पर ही आधारित है। भारत में इसकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये (एक्स शोरूम) मानी जा रही है।
इंडियन मोटरसाइकिल ने इस बाइक की बॉडी पर ज्यादा काम नहीं किया है। स्काउट बॉबर बाइक की लंबाई 2,229mm, ऊंचाई 1,154mm और चौड़ाई 926mm है। स्काउट बॉबर का व्हीलबेस 1,1562mm और 1.5 इंच के फुटपेग्स दिए गए हैं। बाइक में रेट्रो लुक, नया ट्रैकर स्टाइल हैंडल, ब्लैक एलॉय व्हील्स, नया हेडलैंप और नई एग्जॉस्ट शील्ड लगाई गई है। आपको बता दें भारत में इस मोटरसाइकिल की बुकिंग स्टार्ट हो चुकी है। ग्राहक 50,000 रुपये डाउन पेमेंट देकर इसे बुक करा सकते हैं।
पावर स्पेसिफिकेशन की बात करें तो 1131cc का ट्विन-सिलेंडर, लिक्विड कूल्ड इंजन लगाया है। यह इंजन 99bhp की पावर और 97.7Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6 स्पीड गियरबॉक्स से लैस होगा।
डुकाटी डियाविल (Diavel) को देगी टक्कर:
इंडियन स्काउट बॉबर का मुकाबला डुकाटी डियाविल (Diavel) से होगा। इसकी कीमत 16.10 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। वहीं, इसके डीजल वेरिएंट की कीमत 21.72 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। डुकाटी डियाविल में 1198.4CC, इलेक्ट्रॉनिक फ्यूल इंजेक्शन, लिक्विड कूल्ड, 4 वाल्व, डबल सिलेंडर इंजन दिया है। 6 स्पीड गियरबॉक्स से लैस यह इंजन 9250rpm पर 162bhp की पावर और 8000rpm पर 130.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसकी लंबाई 2235mm, ऊंचाई 1192mm और चौड़ाई 860mm है। बाइक में 17 इंच के पिरेली डायब्लो रोसो के टायर्स लगे हैं।