होंडा सिटी ने पार किया 7 लाख यूनिट्स का आंकड़ा, मारुति सियाज की बिकीं 1.7 लाख यूनिट्स
होडा की मिड-साइज सेडान सिटी की 7 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। वहीं, मारुति ने भी सियाज की 1.7 लाख से ज्यादा यूनिट्स बेच दी हैं
नई दिल्ली (जेएनएन)। होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (HCIL) ने बताया कि उसकी मिड-साइज सेडान सिटी की 7 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। कंपनी ने होंडा सिटी को सबसे पहले 1998 में लॉन्च किया था। दुनियाभर के मुकाबले भारत में होंडा सिटी की बिक्री 25 फीसद से भी ज्यादा रही है।
कंपनी ने क्या कहा?
HCIL के प्रेसिडेंट और सीईओ योचिरो यूनो ने कहा, "होंडा सिटी भारत में कंपनी की बेस्ट सेलर कार रही है। भारत में यह एक मात्र सेडान कार है जिसने अभी तक 7 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार करके इतिहास रचा है। ग्राहकों की डिमांड को देखते हुए कंपनी ने सिटी ब्रांड में कई बदलाव किए हैं।"
होंडा सिटी की चार जनरेशन की बिक्री:
होंडा सिटी की फर्स्ट जनरेशन 1998 से 2003 के बीच 59,378 यूनिट्स बिकी थीं। सेकंड़ जनरेशन की 2003 से 2008 तक 1,77,742 यूनिट्स बेची गई थीं। 2008 से 2013 तक कंपनी ने इसकी 1,92,939 यूनिट्स बेचीं और फिर 2014 से लेकर अबतक कंपनी सिटी मॉडल की 2,69,941 यूनिट्स बेच चुकी हैं।
मारुति सुजुकी सियाज ने पार किया 1.7 लाख बिक्री का आंकड़ा
प्रीमियम सेडान सेगमेंट में होंडा सिटी का मुकाबला मारुति सियाज से भी है। मारुति सुजुकी सियाज को सबसे पहले 2014 में लॉन्च किया गया था और तब से अब तक इसकी 1.7 लाख यूनिट्स से ज्यादा बिक्री हो चुकी है। सियाज का यह आंकड़ा होंडा सिटी के 2014 से अबतक के आंकड़े के मुताबकि काफी कम है। मारुति सियाज की पूरी बिक्री में इसके अल्फा वेरिएंट की डिमांड काफी ज्यादा हाई है और इस मॉडल की कुल बिक्री में अल्फा वेरिएंट की 43 फीसद हिस्सेदारी रही है। हालही में कंपनी ने मारुति सियाज एस वेरिएंट को भी लॉन्च किया है जो अल्फा ट्रिम पर ही बेस्ड है। नई सियाज एस में नए स्पोर्टी बॉडी किट, रियर स्पॉयलर, प्रीमियम बैक इंटीरियर लगाए गए हैं और इसकी कीमत अल्फा वेरिएंट से करीब 10,000 रुपये ज्यादा है।