2021 से बदल जाएगा फॉर्मूला वन कारों का लुक, देखिये कैसी होंगी नई कारें
फॉर्मूला वन कारों के लिए 2021 से नई रेगुलेशन लागू हो जाएंगी। इसके बाद फॉर्मूला वन कारों में काफी बदलाव देखने को मिलेंगे।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। फॉर्मूला वन कारों के लिए 2021 से नई रेगुलेशन लागू हो जाएंगी। इसके बाद फॉर्मूला वन कारों में काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। अब सोशल मीडिया पर एक कार की फोटो लीक हुई है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि नई फॉर्मूला वन कारें कैसी होंगी। इस तस्वीर को सिंगापुर में फॉर्मूला वन मैनेजिंग डायरेक्टर रोस ब्राउन ने टेक टॉक सेमीनार में दिखाया था।
अभी तक इस कॉन्सेप्ट कार की सिर्फ तस्वीर सामने आई है। इसके स्पेसिफिकेशन समेत बाकी चीजों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कहा जा रहा है कि नई कारें इस फॉर्मूला वन रेसिंग को पहले से ज्यादा अट्रैक्टिव बना देगी।
कॉन्सेप्ट कार की तस्वीर को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह मौजूदा कारों से काफी अलग होगी। नई कार में फ्रंट विंग को सिंपल डिजाइन किया गया है वहीं एंडप्लेट को थोड़ा अग्रेसिव लुक दिया गया है। यह पहले से ज्यादा हाइट पर दी जाएगी। इसके साइडपोड्स को भी सिंपल रखा गया है। इंजन कवर और रियर विंग एक ही यूनिट जैसे नजर आते हैं। इस कार में 18 इंच अलॉय व्हील दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से रियर एंडप्लेट को रियर व्हील के साथ इंटीग्रेट किया गया है।
यह सेमिनार सिंगापुर ग्रांड प्रिक्स से कुछ दिन पहले आयोजित किया गया था। इसमें कॉन्सेप्ट कार के लुक को पेश किया गया था। जैसा हमने आपको पहले ही बताया इस कार की बाकी जानकारियां अभी तक सामने नहीं आ पाई हैं। फॉर्मूला वन प्रमोटर्स अपनी टीमों के साथ मिलकर 2021 से पहले इन कारों को तैयार करने में लगे हैं।