फोर्ड इंडिया और होंडा कार्स की बिक्री में आई 35 फीसद के ज्यादा की गिरावट
फोर्ड इंडिया और होंडा कार्स की अप्रैल महीने की बिक्री में 35 फीसद से ज्यादा गिरावट देखी गई है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। फोर्ड इंडिया और होंडा कार्स की अप्रैल 2018 की बिक्री में 35 फीसद से ज्यादा गिरावट आई है। एक ओर जहां फोर्ड इंडिया की बिक्री में 39.23 फीसद की गिरावट देखी गई है तो वहीं होंडा कार्स की बिक्री में 36.8 फीसद की गिरावट दर्ज हुई है।
फोर्ड इंडिया ने बेचें 15,281 वाहन:
फोर्ड इंडिया ने अप्रैल 2018 के दौरान 39.23 फीसद की गिरावट के साथ 15,281 यूनिट्स की बिक्री की है। अप्रैल 2017 के दौरान कंपनी ने 25,149 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी के मुताबिक उसकी घरेलू बाजार में अप्रैल महीने में 7,428 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जो कि इससे बीते वर्ष समान अवधि में बेची गईं 7,618 यूनिट्स के मुकाबले 2.49 फीसद कम है। निर्यात की बात करें तो अप्रैल महीने में कंपनी ने 55.2 फीसद की गिरावट के साथ 7,853 यूनिट्स का निर्यात किया है। अप्रैल 2017 के दौरान कंपनी ने 17,531 यूनिट्स का निर्यात किया था।
कंपनी ने क्या कहा?
फोर्ड इंडिया के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग मल्होत्रा ने कहा, "बढ़ती महंगाई और क्रूड की कीमतों के चलते इस साल अब तक पैसेंजर व्हीकल इंडस्ट्री की ग्रोथ सिंगल डिजिट में देखी गई है।"
होंडा की बिक्री में भी आई भारी गिरावट:
जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा ने अप्रैल 2018 के दौरान 36.8 फीसद की गिरावट के साथ 9,143 यूनिट्स की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 14,480 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी के निर्यात की बात करें तो अप्रैल महीने में 452 यूनिट्स का निर्यात किया है, जबकि अप्रैल 2017 में यह आंकड़ा 442 यूनिट्स का था।
कंपनी ने क्या कहा?
होंडा कार्स इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और डायरेक्टर, सेल्स एंड मार्केटिंग, राजेश गोयल ने कहा, "अप्रैल में हुई बिक्री HCIL की योजना के अनुसार रही है। हम इस महीने ऑल-न्यू अमेज के लॉन्च की तैयारी कर रहे हैं और पुरानी अमेज स्टॉक में नहीं है। इसके अलावा, सिटी और WR-V को पिछले साल लॉन्च किया गया था और इनके नए मॉडल्स की बिक्री में ही वृद्धि देखी गई है। हालांकि, नई अमेज को लॉन्च करने के बाद कंपनी को अपने बिक्री के आंकड़ों में मजबूती देखने को मिलेगी।"
होंडा सिटी कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है। अप्रैल महीने में होंडा सिटी की 3,366 यूनिट्स और होंडा WR-V की 2,949 यूनिट्स की बिक्री हुई है। कंपनी ने होंडा जैज की 1,747 यूनिट्स की बिक्री की है।