469 करोड़ रुपये में बिकी दुनिया की सबसे महंगी फरारी, 1964 में जीती थी रेस
यह दुनिया की अब तक की सबसे महंगी बिकने वाली गाड़ी बन गई है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अपने दौर की सबसे मशहूर फरारी, 1963 फरारी 250 GTO को रिकॉर्ड कीमत पर बेचा गया है। 4153 GT चेस्सी नंबर वाली फरारी को 70 मिलियन डॉलर (लगभग 469 करोड़ रुपये) में बेचा गया है। इसे प्रसिद्ध फरारी कलेक्टर डेविड मैकनिल ने खरीदा है। डेविड कारों के लिए फ्लोर मैट्स और एक्सेसरीज बनाने वाली कंपनी वेदरटेक के सीईओ हैं।
ऐसा पहली बार नहीं है कि क्लासिक कारों को महंगी कीमत पर बेचा गया है। क्लासिक कारों की खरीद की एक सुरक्षित निवेश माना जाता है। फरारी 250 GTO अब तक की सबसे महंगी बिकने वाली कार बन गई है। इससे पहले दो कारों को 50 मिलियन डॉलर और 35 मिलियन डॉलर में बेची गई थी। अब इस कार ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
ज्यादातर लोग इस गाड़ी को #22 और #46 के नाम से भी जानते हैं। 4153 GT नंबर चेस्सी को फरारी की गाड़ियों में सबसे आइकॉनिक माना जाता है। इसके अलावा इसे फरारी 250 GTO टूर डी फ्रांस के नाम से भी जाना जाता है। सिल्वर कलर की इस फरारी ने 1964 में टूर डी फ्रांस में हिस्सा लिया था और इस रेस को जीता था। 1963 में यह कार ले मान्स रेस में चौथे नंबर पर रही थी। इसके अलावा इस कार ने 1965 में अफ्रीका में हुई एंगलोन ग्रांड प्रिक्स में भी हिस्सा लिया था।
कुछ लोग इस कार को अब तक की बेस्ट फरारी मानते हैं। इस कार में 3 लीटर V12 इंजन दिया गया है जो 300 bhp की पावर जनरेट करता है। 1963 में लॉन्चिंग के समय अमेरिका में इसकी कीमत 18 हजार डॉलर थी।