ऑटो एक्सपो 2018 में लॉन्च होंगी 24 नई गाड़ियां और 100 से ज्यादा प्रोडक्ट्स होंगे पेश
इस बार का ऑटो एक्सपो 2016 की तुलना में ज्यादा विशाल होगा। और कई नई टेक्नोलॉजी से पर्दा उठेगा
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अगले महीने ग्रेटर नोएडा में 9 से 14 फरवरी तक चलने वाले ऑटो एक्सपो 2018 की तैयारियां जोरो से चल रही हैं। जागरण ऑटो की टीम लगातार आपको अपडेट कर रही है, सियाम के चेयरमैन अरुण मल्होत्रा ने बताया कि इस बार ऑटो एक्सपो में नए प्रोडक्ट्स के साथ-साथ नई टेक्नोलॉजी भी देखने को मिलेगी, इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा।
सियाम के डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुगतो सेन बताया कि मोटर शो में इस बार 24 नई गाड़ियों भी लॉन्च होंगी। इसके अलावा 100 से ज्यादा वाहनों का अनावरण भी होगा। इस बार का ऑटो एक्सपो 2016 की तुलना में ज्यादा विशाल होगा।
वही 8 से 11 फरवरी के बीच दिल्ली के प्रगति मैदान में कंपोनेंट शो आयोजित किया जाएगा। यहाँ आपको कंपोनेंट और अन्य टेक्नोलॉजी से जुडी जानकारियां देखने को मिलेंगी। ऑटो एक्सपो 2018 में इस बार फोक्सवेगन, फोर्ड, निसान, फ़िएट, बजाज ऑटो और रोयल एनफील्ड जैसी बड़ी कार और बाइक कंपनियां हिस्सा नहीं ले रही हैं जिसकी वजह से ऑटो एक्सपो 2018 की चमक कुछ फीकी पड़ सकती है।
लेकिन इस बार ऑटो एक्सपो 2018 के दौरान कुछ नई कार कंपनियां भी अपने नए मॉडल्स के साथ हिस्सा लेंगी। इनमें कोरियन किया, एमजी मोटर यूनिट, चीन की SAIC और फ्रांस की प्यूजो शामिल हैं।