भारतीय ऑटो उद्योग में ऐतिहासिक उछाल, अगस्त 2026 में बिक्री 36.5 प्रतिशत बढ़ी
अगस्त 2026 में भारतीय ऑटो उद्योग ने 36.5% की बंपर बिक्री वृद्धि दर्ज की, जो जीएसटी कटौती और मजबूत उपभोक्ता ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले साल सितंबर में जीएसटी कटौती के फैसले की फसल अभी तक आटो कंपनियां काट रही हैं और अभी आगे भी काटती रहेंगी। इस वजह से त्योहारी सीजन की शुरुआत के पहले महीने यानी अगस्त, 2026 में आटोमोबाइल की बिक्री में 36.5 फीसद की जोरदार बिक्री हुई है।
वाहन बिक्री के आंकड़े
उद्योग संगठन सियाम के अनुसार, घरेलू बाजार में पैसेंजर वाहनों की कंपनियों से डीलरों तक डिस्पैच पिछले साल के मुकाबले 36.5 फीसद बढ़कर 4,39,309 यूनिट पहुंच गई। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 3,21,901 यूनिट था। सियाम ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में कहा कि दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 10.5 फीसद बढ़कर 20,34,698 यूनिट रही, जबकि पिछले साल अगस्त में 18,41,954 यूनिट बिकी थीं।
तिपहिया वाहनों की डिस्पैच 22.8 प्रतिशत बढ़कर 93,764 यूनिट हो गई। पिछले साल इसी महीने यह 76,324 यूनिट थी।
वाहन बिक्री: अब तक का सबसे बेहतरीन अगस्त
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि पैसेंजर वाहन, तिपहिया और दोपहिया, तीनों श्रेणियों में अगस्त 2026 अब तक का सबसे अच्छा अगस्त रहा है। भारतीय आटो उद्योग मजबूत वृद्धि के दौर से गुजर रहा है। अगस्त की तेज रफ्तार में पिछले साल का निम्न आधार भी सहायक रहा। अगस्त, 2025 में कई ग्राहकों ने जीएसटी कटौती की संभावना को देखते हुए खरीद स्थगित कर दी थी।
मांग में तेजी
उन्होंने कहा कि व्यापक मांग का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण बाजारों से भी जबरदस्त मांग आ रही है और वित्त की सुविधा भी बेहतर हुई है। इसके अलावा वैकल्पिक ईंधन की मांग ने ग्राहकों का एक नया वर्ग तैयार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारी मांग से और तेजी आने की उम्मीद है, जिससे दूसरी तिमाही के आंकड़े भी अच्छे रहने चाहिए।
