महिंद्रा XUV500 फेसलिफ्ट जल्द होगी लॉन्च, टाटा हेक्सा से होगा मुकाबला
महिंद्रा अपनी XUV500 का फेसलिफ्ट वर्जन जल्द लॉन्च करने जा रही है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। महिंद्रा इन दिनों अपनी पॉपुलर एसयूवी XUV500 के फेसलिफ्ट वेरिएंट पर काम कर रही है। हाल ही में इस कार के इंटीरियर की तस्वीरें मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फेसलिफ्ट XUV500 का केबिन काफी हद तक मौजूदा मॉडल से मिलता जुलता है। कार का डैशबोर्ड ऑल-ब्लैक लेआउट थीम पर रखा गया है। मौजूदा XUV500 में भी यही थीम है। फर्क सिर्फ इतना है कि मौजूदा मॉडल में लैदर वाला ट्रीटमेंट नहीं है जो कि फेसलिफ्ट वेरिएंट के इंटीरियर में दिया जाएगा।
महिंद्रा XUV500 फेसलिफ्ट के सेंट्रोल कंसोल पर पियानो ब्लैक फिनिशिंग दिया जाएगा। मौजूदा वेरिएंट में मैट ब्लैक ट्रीटमेंट दिया गया है। फेसलिफ्ट वेरिएंट में हैंड ब्रेक और गियर नोब पर भी सिल्वर गार्निश दी जाएगी, जबकि मौजूदा एक्सयूवी500 में केवल स्टीयरिंग व्हील, सेंट्रल कंट्रोल और आर्मरेस्ट पर ही सिल्वर फिनिशिंग दी गई है।
महिंद्रा XUV500 फेसलिफ्ट के फ्रंट में काफी बदलाव किए जाएंगे। कार के फ्रंट में नए हैडलैंप्स और डे-टाइम रनिंग LED लाइट्स दी जाएंगी। इसके अलावा कार की फ्रंट ग्रिल और बंपर में भी बदलाव किए जाएंगे। कार के पीछे की तरफ नए टेललैंप्स, नया टेलगेट और नया बंपर दिया जाएगा। इसके साथ ही कार में नए एलॉय व्हील्स भी दिए जाएंगे।
महिंद्रा अपने फेसलिफ्ट XUV500 के इंजन में भी बदलाव कर सकती है। इसमें 2.2 लीटर का 4-सिलेंडर डीजल इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन 168PS की पावर और 350Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जो कि मौजूद मॉडल के मुकाबले 28PS की ज्यादा पावर और 20Nm का ज्यादा टॉर्क देगा। इसके अलावा कंपनी नए मॉडल में W11 वेरिएंट को भी शामिल कर सकती है जिसमें पहले से काफी ज्यादा फीचर्स दिए जा सकते हैं।
टाटा हेक्सा से होगा मुकाबला:
महिंद्रा XUV500 का मुकाबला टाटा हेक्सा से है। टाटा हेक्सा में 2.2 लीटर डीजल वारीकोर 320/वारीकोर 400 इंजन दिया है। यह इंजन 150PS/156PS की पावर और 320Nm/400Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 14.95 लाख रुपये (एक्स शोरूम) रखी है।