विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2026 Yezdi Scrambler Review: परफॉर्मेंस और माइलेज से लेकर कम्फर्ट तक, जानें नई येजदी स्क्रैम्बलर खरीदने लायक है या नहीं?

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:35 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 29 Nov 2026 11:41 AM (GMT+05:30)

2026 Yezdi Scrambler Review: नई येजदी स्क्रैम्बलर अच्छे इंजन, सस्पेंशन, हैंडलिंग और ब्रेकिंग के साथ आती है।

2026 Yezdi Scrambler Review

2026 Yezdi Scrambler Review

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क। Yezdi ने अपनी Scrambler बाइक को 2026 मॉडल ईयर के लिए कई बड़े अपडेट के साथ पेश किया है। कंपनी ने इस बार बाइक के डिजाइन से लेकर इंजन, वजन और राइडिंग एक्सपीरियंस तक में सुधार किया है। नई 2026 Yezdi Scrambler में 334cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 30 PS की पावर और 30 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा बाइक में तीन राइडिंग मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल ABS जैसे फीचर्स मिलते हैं।

इस बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है। हमने इस बाइक को सिटी और हाईवे दोनों जगह चलाया और इसकी परफॉर्मेंस, कम्फर्ट, हैंडलिंग, ब्रेकिंग और माइलेज को करीब से परखा। इस दौरान बाइक ने कई मामलों में प्रभावित किया, तो कुछ ऐसी कमियां भी सामने आईं, जिन्हें कंपनी को बेहतर करने की जरूरत है। आइए जानते हैं 2026 Yezdi Scrambler का हमारा रियल वर्ल्ड रिव्यू।

2026 Yezdi Scrambler Design: पहले से ज्यादा आकर्षक हुआ बाइक का लुक

नई Yezdi Scrambler के डिजाइन में कई बदलाव किए गए हैं। इसमें नया फ्यूल टैंक मिलता है, जिसका डिजाइन अपडेटेड Yezdi Roadster से मिलता-जुलता है। इसके अलावा बाइक के साइड पैनल पर रेसिंग स्टाइल नंबर बोर्ड और नई रिब्ड सीट दी गई है। पहले मिलने वाले डुअल एग्जॉस्ट की जगह अब सिंगल एग्जॉस्ट दिया गया है, जिससे इसका पिछला हिस्सा पहले से ज्यादा साफ और आकर्षक नजर आता है।

2026 Yezdi Scrambler Review (3)

बाइक में आगे की तरफ हाई-माउंटेड फ्रंट मडगार्ड, ऑफसेट डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और चौड़ा हैंडलबार मिलता है। इसके अलावा 19-इंच का फ्रंट और 17-इंच का रियर वायर-स्पोक व्हील इसे स्क्रैम्बलर वाला लुक देते हैं। कुल मिलाकर डिजाइन के मामले में यह बाइक पहले से ज्यादा आकर्षक हो गई है। इसका लुक उन लोगों को पसंद आ सकता है, जिन्हें रेट्रो स्टाइल के साथ थोड़ा रफ एंड टफ डिजाइन पसंद है।

2026 Yezdi Scrambler Engine: 334cc इंजन के साथ मिलती है 30 PS की पावर

नई Yezdi Scrambler में 334cc का सिंगल-सिलेंडर, 4-स्ट्रोक, लिक्विड-कूल्ड DOHC इंजन दिया गया है। यह इंजन 8,100 rpm पर 30 PS की पावर और 6,750 rpm पर 30 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम और 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।

2026 Yezdi Scrambler Review (8)

कंपनी ने इस इंजन को पहले से ज्यादा रिफाइंड बनाने के लिए कई बदलाव किए हैं। इसमें नया कूलिंग सिस्टम और अपडेटेड रेडिएटर दिया गया है। इसके अलावा सिंगल एग्जॉस्ट की वजह से बाइक का वजन भी कम हुआ है। इंजन की बात करें तो इसका लो-एंड और मिड-रेंज परफॉर्मेंस काफी अच्छा है। शहर के ट्रैफिक में बाइक आसानी से चलती है और ओवरटेकिंग के दौरान भी इंजन अच्छा रिस्पॉन्स देता है।

2026 Yezdi Scrambler Performance: 120 kmph की रफ्तार पर चलाकर देखा

परफॉर्मेंस की बात करें तो नई Yezdi Scrambler मुझे ओवरऑल काफी अच्छी लगी। मैंने इस बाइक को 120 kmph तक की स्पीड पर चलाया। इस दौरान बाइक काफी कंट्रोल में रही और तेज रफ्तार पर भी इसमें कोई बड़ी अस्थिरता महसूस नहीं हुई। इसका 30 PS का इंजन अच्छा टॉर्क देता है, जिससे बाइक तेज रफ्तार पकड़ने के साथ सामान्य स्पीड पर भी आराम से चलती है। हालांकि, अगर आप लगातार हाई स्पीड पर बाइक चलाते हैं, तो इंजन के वाइब्रेशन को महसूस कर सकते हैं।

2026 Yezdi Scrambler Review (6)

हालांकि, 120 kmph की स्पीड पर इंजन में वाइब्रेशन काफी बढ़ जाता है। इसके बावजूद बाइक का कंट्रोल अच्छा बना रहता है। सिटी राइड के दौरान भी इसका इंजन काफी शानदार परफॉर्म करता है। ट्रैफिक में बाइक को चलाना आसान रहता है और हाईवे पर दूसरी गाड़ियों को ओवरटेक करने के लिए भी ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती।

Yezdi Scrambler Seating Comfort: छोटी सीट बन सकती है परेशानी

नई Yezdi Scrambler की सीट हाइट 813mm है। बाइक की राइडिंग पोजिशन की बात करें तो इसमें चौड़ा और ऊंचा हैंडलबार दिया गया है, जिससे राइडर को सीधा बैठने में मदद मिलती है। हालांकि, इसकी सीट का साइज थोड़ा छोटा है, जो लंबे सफर के दौरान परेशानी दे सकता है।

2026 Yezdi Scrambler Review (4)

मेरे राइडिंग एक्सपीरियंस की बात करें तो मैंने इस बाइक को लगातार 25-30 किलोमीटर तक चलाया। इस दौरान मैंने सिटी और हाईवे दोनों जगह राइडिंग की। इतनी दूरी तय करने के बाद ही मेरे कुल्हों में दर्द होने लगा। ऐसे में अगर आप इस बाइक से लंबी दूरी का सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो इसकी सीट आपको थोड़ी निराश कर सकती है। हालांकि, इस परेशानी को दूर करने के लिए आप आफ्टरमार्केट से बेहतर और ज्यादा आरामदायक सीट लगवा सकते हैं। लेकिन इसके लिए आपको अलग से पैसे खर्च करने होंगे।

5 फीट 5 इंच के राइडर के लिए कैसी है Yezdi Scrambler?

बाइक की सीट हाइट 813mm है और इसका कर्ब वेट 174 किलोग्राम है। मेरी हाइट 5 फीट 7 इंच है और मुझे बाइक पर बैठने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। मेरे दोनों पैर आसानी से जमीन को टच कर रहे थे। मैंने अपने एक कलीग को भी इस बाइक पर बैठाकर इसका सीटिंग पोजिशन चेक किया, जिनकी हाइट 5 फीट 5 इंच है।

2026 Yezdi Scrambler Review (9)

उन्हें बाइक को संभालने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाइक को सीधा खड़ा रखने के लिए उन्हें अपने पैरों के पंजों का सहारा लेना पड़ रहा था। ऐसे में कम हाइट वाले राइडर्स को इसे खरीदने से पहले एक बार जरूर चलाकर देखना चाहिए। इसके अलावा इसकी सीट का साइज छोटा होने की वजह से राइडर और पिलियन को काफी करीब बैठना पड़ता है। दो लोगों के लिए लंबे समय तक आराम से बैठना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

Yezdi Scrambler Suspension: खराब सड़कों पर भी अच्छा रहा अनुभव

नई Yezdi Scrambler में डबल क्रैडल फ्रेम दिया गया है। इसके फ्रंट में 150mm स्ट्रोक वाला टेलिस्कोपिक हाइड्रोलिक फोर्क सस्पेंशन मिलता है, जबकि रियर में 5-स्टेप एडजस्टेबल प्रीलोड के साथ ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इसके रियर सस्पेंशन में 130mm का व्हील ट्रैवल मिलता है।

2026 Yezdi Scrambler Review (5)

मेरे राइडिंग एक्सपीरियंस में इसके दोनों सस्पेंशन काफी शानदार रहे। मैंने बाइक को शहर और हाईवे दोनों जगह चलाया। सिटी राइड के दौरान कई गड्ढों से गुजरने के बावजूद मुझे ज्यादा झटके महसूस नहीं हुए। खराब सड़कों पर भी इसके सस्पेंशन ने अच्छा काम किया और बाइक को संभालना आसान रहा। हालांकि, ज्यादा स्पीड पर बड़े गड्ढों और खराब रास्तों से गुजरने के दौरान सस्पेंशन थोड़े सख्त महसूस हो सकते हैं। लेकिन सामान्य सिटी राइडिंग और रोजाना इस्तेमाल के लिहाज से इसकी राइड क्वालिटी अच्छी है।

Yezdi Scrambler Handling: ट्रैफिक और तंग गलियों में चलाना आसान

हैंडलिंग के मामले में भी नई Yezdi Scrambler ने मुझे काफी प्रभावित किया। ट्रैफिक हो, हाईवे हो या फिर तंग गलियां, हर जगह बाइक को मोड़ने में आसानी रही। इसका कम वजन और बेहतर हैंडलिंग इसे रोजाना इस्तेमाल के लिए भी अच्छा विकल्प बनाते हैं।

2026 Yezdi Scrambler Review (9)

इतना ही नहीं, राइडिंग के दौरान अगर अचानक सामने कोई गड्ढा आ जाए, तो बाइक को आसानी से उसके बगल से निकालने में मदद मिलती है। इसका 1,403mm का व्हीलबेस और 174 किलोग्राम का कर्ब वेट इसे संभालने में मदद करते हैं। कुल मिलाकर बाइक की हैंडलिंग काफी अच्छी है और नए राइडर्स को भी इसे संभालने में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए, हालांकि कम हाइट वाले राइडर्स को इसकी सीट हाइट का ध्यान रखना चाहिए।

Yezdi Scrambler Braking: फ्रंट और रियर में मिलता है डिस्क ब्रेक

ब्रेकिंग की बात करें तो नई Yezdi Scrambler के फ्रंट में 320mm और रियर में 240mm का डिस्क ब्रेक दिया गया है। दोनों पहियों में ABS के साथ डिस्क ब्रेक मिलते हैं।

2026 Yezdi Scrambler Review (7)

मेरे राइडिंग एक्सपीरियंस में इसकी ब्रेकिंग ने अच्छा काम किया। इंडियन ट्रैफिक में अक्सर अचानक कोई गाड़ी सामने आ जाती है या कोई वाहन बिना इंडिकेटर दिए अपनी दिशा बदल देता है। मेरे साथ भी राइडिंग के दौरान कई बार ऐसा हुआ, जब रॉन्ग साइड से वाहन सामने आ गए। ऐसी परिस्थितियों में बाइक की हैंडलिंग और ब्रेकिंग ने मुझे समय रहते बाइक संभालने और संभावित टक्कर से बचने में मदद की। कुल मिलाकर सामान्य सड़क परिस्थितियों में इसकी ब्रेकिंग परफॉर्मेंस अच्छी रही। हालांकि, अचानक ब्रेक लगाने के दौरान राइडर को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने की जरूरत हमेशा रहती है।

Yezdi Scrambler Features and Safety: तीन राइडिंग मोड के साथ ट्रैक्शन कंट्रोल

फीचर्स के मामले में नई Yezdi Scrambler को काफी अपडेट किया गया है। इसमें Road, Rain और Off-Road तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं। ये मोड थ्रॉटल रिस्पॉन्स, ट्रैक्शन कंट्रोल और ABS सेटिंग को बदलते हैं। Off-Road मोड में रियर व्हील ABS को बंद करने की सुविधा भी मिलती है।

2026 Yezdi Scrambler Review (2)

इसके अलावा बाइक में स्विचेबल ABS, डिजिटल LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दो USB चार्जिंग पोर्ट दिए गए हैं, जिनमें Type-A और Type-C शामिल हैं।हालांकि, इसके इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम को और बेहतर बनाने की जरूरत है। राइडिंग मोड बदलने के लिए लंबा प्रेस करना पड़ता है और कुछ मौकों पर मोड बदलने में परेशानी भी सामने आ सकती है। इसके अलावा तेज धूप में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को पढ़ना भी थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

2026 Yezdi Scrambler Mileage: 21.08 kmpl का मिला माइलेज

माइलेज की बात करें तो मैंने अपनी राइडिंग के दौरान नई Yezdi Scrambler को कुल 227.5 किलोमीटर तक चलाया। इस दौरान मैंने तीन बार पेट्रोल भरवाया। पहली बार 500 रुपये में 4.91 लीटर, दूसरी बार 300 रुपये में 2.94 लीटर और तीसरी बार भी 300 रुपये में 2.94 लीटर पेट्रोल डलवाया। इस तरह कुल 1,100 रुपये में 10.79 लीटर पेट्रोल भरवाया। तय की गई दूरी और पेट्रोल की कुल मात्रा के आधार पर कैलकुलेशन करने पर बाइक ने लगभग 21.08 kmpl का माइलेज दिया। इस दौरान सिटी और हाईवे दोनों तरह की राइडिंग शामिल रही। यह माइलेज हमारे टेस्ट के दौरान रसीदों के आधार पर निकाला गया है। वास्तविक माइलेज राइडिंग स्टाइल, ट्रैफिक, सड़क की स्थिति और पेट्रोल की खपत के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।

2026 Yezdi Scrambler Review (11)

Yezdi Scrambler LED Headlight: रात के अंधेरे में भी शानदार लाइटिंग

नई Yezdi Scrambler में राउंड LED हेडलैंप दिया गया है, जो इसके रेट्रो लुक को और आकर्षक बनाता है। इसमें LED टर्न इंडिकेटर्स भी मिलते हैं। इसकी हेडलाइट की बात करें तो मुझे इसकी लाइटिंग काफी शानदार लगी। मैंने रात के समय बाइक को चलाकर इसकी लाइट टेस्ट की। इस दौरान पास हो या दूर, दोनों ही तरफ सड़क और आसपास की चीजें साफ दिखाई दे रही थीं। इतना ही नहीं, मैं इसे एक बेहद अंधेरी जगह पर भी लेकर गया और वहां हेडलाइट जलाकर देखी। वहां भी इसकी रोशनी काफी अच्छी रही। कुल मिलाकर, रात में राइडिंग के दौरान इसकी LED हेडलाइट ने मुझे काफी प्रभावित किया और कम रोशनी वाली जगहों पर भी विजिबिलिटी अच्छी बनी रही।

2026 Yezdi Scrambler Review (12)

2026 Yezdi Scrambler Price: 1.99 लाख रुपये से शुरू होती है कीमत

नई Yezdi Scrambler की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.99 लाख रुपये है। इसके अलग-अलग कलर ऑप्शन के आधार पर कीमत में बदलाव होता है। Legacy Black की कीमत 1.99 लाख रुपये, OG Yellow और Rogue Red की कीमत 2.06 लाख रुपये, जबकि Rally Blue की कीमत 2.09 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा Grey Panther सिंगल-टोन कलर ऑप्शन की कीमत 2.06 लाख रुपये है। कम कीमत में 334cc का दमदार इंजन, बेहतर सस्पेंशन, ट्रैक्शन कंट्रोल और तीन राइडिंग मोड मिलने की वजह से यह बाइक अपने सेगमेंट में एक अच्छा विकल्प बनती है।

2026 Yezdi Scrambler Colors (1)

क्या आपको 2026 Yezdi Scrambler खरीदनी चाहिए?

मेरे अनुभव के हिसाब से 2026 Yezdi Scrambler पहले के मुकाबले काफी बेहतर बाइक बनकर सामने आई है। इसका इंजन दमदार है, सस्पेंशन अच्छा काम करता है और हैंडलिंग भी काफी शानदार है। सिटी और हाईवे दोनों जगह इसे चलाने में अच्छा अनुभव मिला। इतना ही नहीं, 21.08 kmpl का टेस्ट माइलेज भी इसके लिए एक अच्छा आंकड़ा है। हालांकि, इसकी छोटी सीट लंबी दूरी पर परेशानी पैदा कर सकती है। 120 kmph की रफ्तार पर इंजन में वाइब्रेशन भी बढ़ जाता है। इसके अलावा 5 फीट 5 इंच के राइडर को बाइक संभालने में थोड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। अगर आप ऐसी बाइक चाहते हैं, जिसका इंजन दमदार हो, लुक शानदार हो और सिटी के साथ खराब सड़कों पर भी अच्छी राइडिंग मिले, तो नई Yezdi Scrambler पर विचार कर सकते हैं। लेकिन खरीदने से पहले इसकी सीट और सीट हाइट को ध्यान में रखते हुए टेस्ट राइड जरूर लें।

2026 Yezdi Scrambler Review (10)

2026 Yezdi Scrambler की 2 सबसे बड़ी खूबियां और 2 कमियां

दो सबसे बेहतरीन खूबियां:

  1. दमदार इंजन और शानदार परफॉर्मेंस: 334cc इंजन 30 PS की पावर और 30 Nm का टॉर्क देता है। सिटी और हाईवे दोनों जगह ओवरटेकिंग आसान रहती है।
  2. बेहतरीन सस्पेंशन और हैंडलिंग: खराब सड़कों पर भी सस्पेंशन अच्छा काम करते हैं और ट्रैफिक या तंग गलियों में बाइक को मोड़ना आसान है।

दो सबसे बड़ी कमियां:

  1. छोटी और अनकंफर्टेबल सीट: लगातार 25-30 किलोमीटर चलाने के बाद ही कुल्हों में दर्द महसूस होने लगा। पिलियन के लिए भी सीट पर जगह कम है।
  2. हाई-स्पीड वाइब्रेशन और सीट हाइट: 120 kmph की स्पीड पर वाइब्रेशन बढ़ जाता है। वहीं, 5 फीट 5 इंच के राइडर को बाइक संभालने में थोड़ी परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- KTM Duke 390 Review: 350 सीसी इंजन की मोटरसाइकिल खरीदना आपके लिए कितना है सही?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।