कार-बाइक की RC में बदलना चाहते है मोबाइल नंबर? घर बैठे ऐसे करें अपडेट, ये रहा ऑनलाइन प्रोसेस
परिवहन सेवा पोर्टल VAHAN के जरिए कार-बाइक की RC में मोबाइल नंबर आसानी से ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।

घर पर गाड़ी की RC में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
HighLights
VAHAN पोर्टल से RC में मोबाइल नंबर अपडेट करें।
ऑनलाइन प्रक्रिया से RTO के चक्कर लगाने से बचें।
सुरक्षा के लिए केवल सरकारी वेबसाइट का उपयोग करें।
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी अपनी गाड़ी की RC में मोबाइल नंबर अपडेट करवाने के लिए RTO ऑफिस की लंबी लाइनों और भागदौड़ के नाम से ही घबरा जाते हैं? इसके बाद आप RTO ऑफिस जाने का प्लान ड्रॉप कर देते हैं। अगर ऐसा है तो अब आपको इसकी फिक्र करने की जरूरत नहीं है। डिजिटल इंडिया के इस दौर में अब आपको अपना कीमती समय बर्बाद करने या किसी एजेंट के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। आपको चाहे ई-चालान का अलर्ट हो या फिटनेस सर्टिफिकेट की जानकारी, हर जरूरी अपडेट अपने मोबाइल फोन पा सकते है। इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन से RC से जुड़ा मोबाइल नंबर को अपडेट करना होगा। हम यहां पर आपको बिना किसी परेशानी के इसे खुद अपडेट करने का सबसे आसान ऑनलाइन प्रोसेस के बारे में बता रहे हैं।
घर पर RC में मोबाइल नंबर कैसे अपडेट करें?
कार या बाइक की RC में मोबाइल नंबर बदलने के लिए आपको अपने स्मार्टफोन में सबसे पहले परिवहन विभाग की आधिकारिक VAHAN पोर्टल पर जाना होगा। यहां पर आपको जरूरत के अनुसार रजिस्ट्रेशन या लॉगिन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर को अपडेट करने के ऑप्शन को सिलेक्ट करना होगा। पोर्टल के अलग-अलग वर्जन में यह ऑप्शन My Profile’ या ‘Other Services’ के नाम से दिखाई दे सकता है।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर यानी RC नंबर उस समय अपने पास रखें। इसके अलावा, चेसिस नंबर, इंजन नंबर और पहले से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जैसी जानकारी भी मांगी जा सकती है। कुछ राज्यों में कार या बाइक की RC में मोबाइल नंबर बदलने के लिए पहचान सत्यापन की भी जरूरत भी पड़ सकती है। इसलिए आवेदन शुरू करने से पहले वाहन से जुड़े दस्तावेज अपने पास रखें।
OTP से पूरा होगा वेरिफिकेशन
पोर्टल पर जरूरी जानकारी भरने के बाद अपने वाहन की डिटेल्स को चेक करें और नया मोबाइल नंबर को सबमिट करें। इसके बाद ‘Generate OTP’ ऑप्शन पर क्लिक करें। अब जो OTP आपके नंबर पर आएं उसे दर्ज करें और आवेदन को सबमिट कर दें। प्रक्रिया पूरी होने पर सफल अपडेट का मैसेज दिखाई दे सकता है।
जब ऑनलाइन अपडेट नहीं हो रहा तो क्या करें?
अगर पोर्टल पर मोबाइल नंबर अपडेच नहीं हो रहा है और पुराना नंबर उपलब्ध नहीं है या फिर OTP से जुड़ी समस्या आ रही है। ऐसे में अपने वाहन के रजिस्ट्रेशन वाले RTO से संपर्क करना पड़ेगा। मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए केवल सरकारी वेबसाइट का इस्तेमाल करें और OTP किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करें।
