PUC सर्टिफिकेशन घर बैठे मिनटों में ऐसे करें चेक, जानें कब हो रहा एक्सपायर और क्या हैं नए नियम
Parivahan पोर्टल और mParivahan ऐप से PUC स्टेटस जांचें, नई वैलिडिटी समझें और एक्सपायरी से पहले सर्टिफिकेट रिन्यू कराएं।

PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी चेक करने का तरीका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। भारत में वाहन चलाने वाले हर व्यक्ति के लिए वैध पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (Pollution Under Control (PUC)) सर्टिफिकेट रखना जरूरी है। यह कागजात प्रमाणित करता है कि आपकी कार या बाइक से निकलने वाला धुआं और प्रदूषण निर्धारित सरकारी मानकों के भीतर है। हालांकि, कई बार वाहन मालिक अपने PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट भूल जाते हैं या उन्हें यह जानकारी नहीं होती कि इसे कितने समय बाद रिन्यू कराना है। ऐसे में आप घर बैठे ही Parivahan पोर्टल के जरिए PUC सर्टिफिकेशन वैलिडिटी ऑनलाइन (Certificate Validity Online) चेक कर सकते हैं। नवंबर 2026 में PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। अब वाहन के BS एमिशन स्टैंडर्ड, उम्र और कैटेगरी के आधार पर सर्टिफिकेट की वैलिडिटी अलग-अलग होगी। हम यहां पर आपको बता रहे हैं कि PUC सर्टिफिकेशन ऑनलाइन कैसे चेक कर सकते हैं?
PUC सर्टिफिकेशन ऑनलाइन चेक करने का तरीका
Parivahan पोर्टल पर अपने वाहन का PUC स्टेटस चेक करने के लिए आपको दो जानकारियों की आवश्यकता होगी। पहली, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और दूसरी, चेसिस नंबर के आखिरी पांच अक्षर। इन जानकारियों की मदद से आप ऑनलाइन अपने PUC सर्टिफिकेट से जुड़ी डिटेल देख सकते हैं। इसके लिए आपको केवल सर्टिफिकेट की वैलिडिटी जांचने के उद्देश्य से RTO या प्रदूषण जांच केंद्र जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
PUC सर्टिफिकेट स्टेटस चेक करने का तरीका
- सबसे पहले सरकार के आधिकारिक Parivahan PUC पोर्टल पर जाएं।
- पोर्टल पर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- इसके बाद चेसिस नंबर के आखिरी पांच अक्षर भरें।
- मांगी गई जानकारी दर्ज करने के बाद आगे बढ़ें।
- स्क्रीन पर उपलब्ध वाहन की PUC डिटेल देखें।
- प्रदर्शित जानकारी में सर्टिफिकेट की वैलिडिटी और एक्सपायरी डेट की जांच करें।
mParivahan App से PUC सर्टिफिकेट कैसे चेक करें?
Parivahan पोर्टल के अलावा वाहन मालिक सरकारी mParivahan ऐप के जरिए भी अपने वाहन से जुड़ी जानकारी को हासिल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक mParivahan ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और जरूरी डिटेल दर्ज करके उसे ऐप में जोड़ें।
वाहन की प्रोफाइल खोलने के बाद पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट से जुड़ी जानकारी को देख सकते हैं। यहां उपलब्ध PUC डिटेल में सर्टिफिकेट की वैलिडिटी की तारीख चेक कर सकते हैं। हालांकि, अगर ऐप में PUC सर्टिफिकेट की जानकारी दिखाई नहीं देती या पुरानी जानकारी नजर आती है, तो Parivahan PUC पोर्टल या अधिकृत प्रदूषण जांच केंद्र से इसकी दोबारा पुष्टि करें।
भारत में PUC सर्टिफिकेट की नई वैलिडिटी
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने सेंटर मोटर व्हीकल (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 के तहत PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी के नियमों में संशोधन किया है। इस संबंध में 16 नवंबर 2026 को आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की गई। नए नियमों के अनुसार PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी वाहन के एमिशन स्टैंडर्ड, उम्र और परिवहन श्रेणी पर निर्भर करेगी।
| वाहन की कैटेगरी | PUC सर्टिफिकेट की वैधता |
|---|---|
| BS-I, BS-II और BS-III वाहन | 3 महीने |
| BS-IV वाहन | 6 महीने |
| BS-VI निजी वाहन, 6 साल तक पुराने | 3 साल |
| BS-VI निजी वाहन, 6 से 10 साल पुराने | 1 साल |
| BS-VI निजी वाहन, 10 साल से अधिक पुराने | 6 महीने |
| BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन, 6 साल तक पुराने | 2 साल |
| BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन, 6 से 10 साल पुराने | 1 साल |
| BS-VI ट्रांसपोर्ट वाहन, 10 साल से अधिक पुराने | 6 महीने |
नए नियमों के तहत वाहन की उम्र की गणना उसकी पहली रजिस्ट्रेशन डेट से की जाएगी। इसका मतलब है कि वाहन कितने साल पुराना है, यह निर्धारित करने के लिए उसकी पहली रजिस्ट्रेशन तारीख देखी जाएगी। इसके अलावा, 16 नवंबर 2026 से पहले जारी किए गए मौजूदा PUC सर्टिफिकेट पर भी नए नियम लागू होंगे, लेकिन उनका पालन नए नियम लागू होने के बाद होने वाले पहले रिन्यूअल के समय किया जाएगा।
PUC सर्टिफिकेट खत्म होने पर क्या करना होगा?
अगर Parivahan पोर्टल पर आपके वाहन का PUC स्टेटस एक्सपायर्ड दिखाई देता है, तो आपको संबंधित राज्य सरकार से अधिकृत प्रदूषण जांच केंद्र जाना होगा। वहां वाहन का एमिशन टेस्ट किया जाएगा। अगर वाहन निर्धारित प्रदूषण मानकों पर खरा उतरता है, तो नया PUC सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। वहीं, अगर वाहन एमिशन टेस्ट में सफल नहीं होता है, तो जरूरी रिपेयर या सर्विसिंग करानी होगी। इसके बाद वाहन का दोबारा टेस्ट कराया जा सकता है। इसलिए सर्टिफिकेट की अवधि समाप्त होने से पहले ही उसकी वैलिडिटी जांचना बेहतर रहेगा।
PUC सर्टिफिकेट रिन्यू के नए नियम
संशोधित नियमों में रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी स्पष्टता दी गई है। अगर आप मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से पहले के 10 दिनों के भीतर रिन्यूअल कराते हैं, तो नया सर्टिफिकेट पुरानी वैलिडिटी समाप्त होने की तारीख से प्रभावी होगा। वहीं, अगर आप एक्सपायरी के बाद रिन्यूअल कराते हैं, तो नया सर्टिफिकेट वास्तविक रिन्यूअल की तारीख से प्रभावी माना जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।