विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली! कार से करते हैं सफर, अपनाएं ये 5 आसान उपाय

Published: Mon, 09 Nov 2026 06:13 PM (IST)Updated: Mon, 09 Nov 2026 06:19 PM (IST)

दीवाली के बाद बढ़े प्रदूषण में कार की खिड़कियां बंद रखें, रीसर्क्युलेशन मोड अपनाएं और सफर से पहले AQI जांचें।

कार से सफर करते समय एयर पॉल्यूशन से बचने के 5 आसान उपाय

कार से सफर करते समय एयर पॉल्यूशन से बचने के 5 आसान उपाय

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

ऑटो डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। पटाखों के धुएं और पहले से मौजूद प्रदूषण के कारण राष्ट्रीय राजधानी समेत आसपास के शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब स्तर पर पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया है। ऐसे में घर से बाहर निकलने वाले लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो रहा है।

दीवाली के बाद दिल्ली-NCR के प्रमुख शहरों का AQI

9 नवंबर 2026 की सुबह दिल्ली का AQI 366 दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद में यह 372 तक पहुंच गया। नोएडा में AQI 338, फरीदाबाद में 323, गुरुग्राम में 306 और ग्रेटर नोएडा में 301 दर्ज किया गया। ये सभी रीडिंग बहुत खराब श्रेणी में आती हैं। वहीं, गाजियाबाद के न्यू तहसील-लोनी इलाके में AQI 463 तक पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में है। दिल्ली के सोनिया विहार में 457 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 449 का स्तर दर्ज किया गया। इसके अलावा विवेक विहार में 445 और जहांगीरपुरी में 442 AQI रहा।

ऐसे पॉल्युटेड माहौल में रोजाना कार से ऑफिस, घर या दूसरी जगह आने-जाने वाले लोगों के लिए चुनौती बढ़ गई है। हालांकि, कार के भीतर भी बाहर की पॉल्युटेड हवा पहुंच सकती है। ऐसे में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर केबिन में पॉल्युटेड हवा का प्रवेश कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं कार से सफर करते समय किन 5 बातों का ध्यान रखना चाहिए।

कार से सफर करते समय एयर पॉल्यूशन से बचने के 5 आसान उपाय

1. कार की खिड़कियां रखें बंद

जब बाहर एयर पॉल्यूशन का स्तर काफी ज्यादा हो, तो कार की खिड़कियां खोलने से बचें। खुली खिड़कियों के जरिए PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषक कण आसानी से कार के केबिन में आ सकते हैं। इससे सफर के दौरान आप सीधे पॉल्युटेड हवा के संपर्क में आ सकते हैं। इसलिए खराब AQI वाले इलाकों से गुजरते समय कार की सभी खिड़कियां बंद रखें। यह बाहर की पॉल्युटेड हवा को सीधे केबिन में आने से रोकने का सबसे आसान तरीका है।

car windows

2. AC को रीसर्क्युलेशन मोड पर चलाएं

कार में लगे AC का रीसर्क्युलेशन मोड एयर पॉल्यूशन के दौरान काफी उपयोगी हो सकता है। इस मोड को ऑन करने पर कार का AC केबिन के अंदर मौजूद हवा को दोबारा इस्तेमाल करता है। इससे बाहर की पॉल्युटेड हवा का केबिन में प्रवेश कम करने में मदद मिलती है। इसलिए जब भी आप खराब AQI वाले इलाके से गुजर रहे हों, तो AC को रीसर्क्युलेशन मोड पर चलाएं। हालांकि, कार के केबिन एयर फिल्टर की स्थिति भी समय-समय पर जांचते रहें, ताकि एयर फिल्ट्रेशन बेहतर बना रहे।

car ac

3. कार में लगवाएं एयर प्यूरीफायर

अगर आप कार में सफर करते समय एयर पॉल्यूशन से अतिरिक्त सुरक्षा चाहते हैं, तो आफ्टरमार्केट एयर प्यूरीफायर भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। बाजार में HEPA और एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर वाले पोर्टेबल कार एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हैं। HEPA फिल्टर हवा में मौजूद बारीक कणों को रोकने में मदद करता है, जबकि एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर कुछ हानिकारक गैसों और गंध को कम करने में उपयोगी हो सकता है। इसके अलावा, कार में अच्छी क्वालिटी का कैबिन एयर फिल्टर लगा होने से भी बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

Car Air Purifire

4. सफर शुरू करने से पहले रूट का AQI जांचें

कार से घर से निकलने से पहले अपने रूट और डेस्टिनेशन के आसपास का AQI जरूर चेक करें। इसके लिए मोबाइल ऐप्स की मदद ले सकते हैं। कई बार एक ही शहर के अलग-अलग इलाकों में एयर क्वालिटी का स्तर अलग होता है। अगर आपके रास्ते में किसी इलाके का AQI बेहद खराब या गंभीर श्रेणी में है, तो गैर-जरूरी यात्रा से बचने पर विचार करें। AQI की जानकारी के आधार पर अपना रूट प्लान करने से ज्यादा पॉल्युटेड क्षेत्रों से बचने में मदद मिल सकती है।

aqi

5. ज्यादा ट्रैफिक वाले रास्तों से बचें

भारी ट्रैफिक वाले रास्तों पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण प्रदूषण की समस्या भी ज्यादा हो सकती है। ऐसे में कोशिश करें कि सफर के लिए कम भीड़भाड़ वाले रास्तों का चयन करें। इसके अलावा, संभव हो तो ऑफ-पीक आवर्स में ड्राइव करें। इससे आपको भारी ट्रैफिक में फंसने से बचने में मदद मिल सकती है। साथ ही, समय और फ्यूल की भी बचत होगी।

Delhi Traffic

नई कार खरीद रहे हैं तो इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर का फीचर देखें

अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो उसके फीचर्स की लिस्ट में इन-बिल्ट एयर प्यूरीफायर को भी जरूर देखें। मौजूदा समय में 15 लाख रुपये के बजट में भी कई ऐसी कारें आती हैं, जिनमें फैक्ट्री-फिटेड एयर प्यूरीफायर दिया जाता है। यह फीचर प्रदूषण के दौरान कार के केबिन की हवा को फिल्टर करने में मददगार हो सकता है। इसलिए नई कार खरीदते समय इंजन, माइलेज, सेफ्टी और कंफर्ट फीचर्स के साथ एयर प्यूरीफायर को भी अपनी प्राथमिकता में शामिल कर सकते हैं।

प्रदूषण के दौरान कार से सफर करते समय रखें सावधानी

दीवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा एयर पॉल्यूशन लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में कार से सफर करते समय छोटी-छोटी सावधानियां भी महत्वपूर्ण हो सकती हैं। खिड़कियां बंद रखने, AC को रीसर्क्युलेशन मोड पर चलाने, एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने और सफर से पहले AQI जांचने जैसे उपाय अपनाएं। हालांकि, इन उपायों से पॉल्युटेड हवा का संपर्क कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन ये पूरी तरह सुरक्षा की गारंटी नहीं देते। इसलिए जब एयर क्वालिटी बेहद खराब हो, तो गैर-जरूरी यात्रा से बचना ही बेहतर ऑप्शन है। गाड़ी चलाते समय इन उपायों का पालन न केवल दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बल्कि देश के किसी भी कोने में रहने वाले भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- DigiLocker में ड्राइविंग लाइसेंस कैसे ऐड करें? ये रहा पूरा प्रोसेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।