विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 नवंबर राशिफल : सूर्य-बुध-शुक्र की युति और गजकेसरी योग से किसे मिलेगा नौकरी में बड़ा पद या घाटा?

Published: Tue, 03 Nov 2026 05:00 AM (IST)

3 नवंबर को गजकेसरी योग और ग्रहों की युति विभिन्न राशियों पर शुभ-अशुभ प्रभाव डालेगी। यह राशिफल नौकरी, व्यापार, धन ...और पढ़ें

Aaj Ka Rashifal 3 November 2026: किन राशियों पर होगी धन की वर्षा?

Aaj Ka Rashifal 3 November 2026: किन राशियों पर होगी धन की वर्षा?

आनंद सागर पाठक, एस्ट्रोपत्री। मंगलवार को कार्तिक कृष्ण नवमी सुबह 11 बजकर 56 मिनट तक रहेगी, उसके बाद दशमी तिथि लगेगी। चंद्रदेव सुबह के 3 बजकर 46 मिनट सिंह राशि में आ चुके हैं, जहां गुरुदेव और केतु पहले से बैठे हैं। चंद्रदेव और गुरुदेव के एक साथ होने से गजकेसरी योग बन रहा है, वहीं केतु का साथ मन में बेचैनी भी दे सकता है। पूरे दिन मघा नक्षत्र रहेगा, जो गंडमूल में आता है। सुबह 9 बजकर 53 मिनट तक शुक्ल योग, फिर ब्रह्म योग रहेगा। तुला में नीच के सूर्यदेव के साथ वक्री बुधदेव अस्त हैं और वक्री शुक्रदेव भी वहीं हैं। मंगलदेव कर्क में और मीन राशि में शनिदेव वक्री अवस्था में हैं।

गजकेसरी योग वाला यह मंगलवार किसी के लिए तरक्की तो किसी के लिए सावधानी लेकर आया है। तुला को नौकरी में बड़ा पद या बड़ी डील मिल सकती है, धनु पर किस्मत मेहरबान रहेगी और मेष के नए विचार लोगों का ध्यान खींचेंगे। वृश्चिक के कारोबार में तेजी, कुंभ को साझेदारी से फायदा और वृषभ को धातु के धंधे में मुनाफा होगा। दूसरी तरफ मिथुन को किसी सौदे में घाटे से, कन्या को घरेलू मामलों में बाहरी दखल से और मीन को विरोधियों से सतर्क रहना होगा। कर्क उधार देने से बचें, सिंह कागजों में गलती न होने दें और मकर अनचाहे हालात के लिए तैयार रहें।

मेष आज का राशिफल (Aries Horoscope Today)

पॉजिटिव: आज मन मौज मस्ती में रहेगा और दिमाग में नए आइडिया आएंगे। कम मेहनत में भी उम्मीद से अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। सालों से अधूरा पड़ा कोई काम आज पूरा हो सकता है।
नेगेटिव: दिल जल्दी पिघलेगा और किसी की मीठी बातों में बह सकते हैं। नई दोस्ती में अपनी निजी तस्वीरें या बैंक की जानकारी शेयर करने से पहले रुकें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: किसी से चल रही बातचीत प्यार में बदल सकती है। बच्चों की बातें और शरारतें घर में हंसी बिखेरेंगी। जो दंपती संतान की इच्छा रखते हैं, उन्हें कोई शुभ समाचार मिल सकता है।
आर्थिक स्थिति: कमाई अच्छी होगी और अपने लिए कुछ बढ़िया खरीदने का मन बनेगा। मनपसंद जूते, घड़ी या फोन लें, पर पुराने वाले का एक्सचेंज ऑफर जरूर पूछें।
स्वास्थ्य: खाने में बेपरवाही से गैस और पेट फूलने की शिकायत होगी। राजमा, छोले जैसी भारी चीजें रात को न खाएं और खाने के बाद सौ कदम टहलें।
करियर और कारोबार: दफ्तर में किस्मत साथ देगी, नए लोगों से दोस्ती होगी। राजनीति या जनसंपर्क के पेशे वालों का दबदबा बढ़ेगा। सोशल मीडिया या कंटेंट बनाने वालों की कोई पोस्ट या वीडियो लोगों को खूब पसंद आएगी।
उपाय: सुबह तांबे के लोटे से सूर्यदेव को जल अर्पित करें।
शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 8

वृषभ आज का राशिफल (Taurus Horoscope Today)

पॉजिटिव: धातु के कारोबार वालों के लिए दिन फायदे का है, खासकर स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन बेचने वालों के लिए, क्योंकि त्योहार से पहले मांग बढ़ेगी। घर से काम करने वालों को नया मौका मिल सकता है।
नेगेटिव: सुविधाएं होते हुए भी मन में अजीब सी बेचैनी रहेगी। जरूरत पड़ने पर कुछ लोग साथ न दें तो मन में कड़वाहट पालना छोड़ें। धंधे में एक साथ बहुत सारे बदलाव न करें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध:जीवनसाथी के साथ अच्छी पटेगी और घर का माहौल सुखद रहेगा। दूर बैठे किसी रिश्तेदार की खबर आएगी। दोस्तों संग बाहर जाने का प्लान आखिरकार पूरा होगा। घर में स्वादिष्ट पकवान बनेंगे। फ्री पर्सनलाइज्ड विवाह भविष्य यहां देखें।

आर्थिक स्थिति: कमाई के साथ घर की सुविधाओं पर भी पैसा जाएगा, जैसे नया सोफा, एसी या वॉटर प्यूरीफायर। बड़ी खरीद से पहले घर का बजट एक बार साथी के साथ बैठकर देख लें।
स्वास्थ्य: सीने में जकड़न या बलगम परेशान कर सकता है, भाप लें और ठंडी हवा से बचें। मां की तबीयत को लेकर मन में खटका हो तो उनकी जांच इसी हफ्ते करवा लें।
करियर और कारोबार: दफ्तर का माहौल ठीक रहेगा और काम व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ेगा। कारोबार में कुछ बदलाव की योजना बनेगी, पर उसे लागू करने में जल्दबाजी न करें।
उपाय: घर में देसी घी के दीपक में कपूर डालकर जलाएं और उसका धुआं पूरे घर में घुमाएं।
शुभ रंग: गुलाबी | शुभ अंक: 9

मिथुन आज का राशिफल (Gemini Horoscope Today)

पॉजिटिव: विपरीत हालात में भी बाजार कुछ ऐसे मौके देगा जिनसे मुनाफा कमाया जा सकता है। घर में सुकून रहेगा और बच्चे घर के कामों में हाथ बटाएंगे। प्रेमी संग बिताए पल यादगार रहेंगे।
नेगेटिव: किसी लेन देन या सौदे में घाटा हो सकता है। आज किसी नए एग्रीमेंट पर हां कहना या पहली बार किसी पार्टी को बड़ा माल उधार देना टाल दें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: जीवनसाथी के साथ बैठकर सुकून के पल बिताएंगे और घर की जरूरतों को समझेंगे। दोस्तों की तरफ से कुछ उलझनें आएंगी, फिर भी आप उनके साथ खड़े रहेंगे।
आर्थिक स्थिति: पैसा लगाने में हड़बड़ी आपको भारी पड़ सकती है। किसी भी पेमेंट से पहले इनवॉइस, जीएसटी नंबर और खाते की डिटेल दोबारा मिला लें।
स्वास्थ्य: चलते फिरते पैर मुड़ सकता है या मोच आ सकती है। सीढ़ियां उतरते समय रेलिंग पकड़ें और फिसलन वाली चप्पल पहनकर बाहर न निकलें।
करियर और कारोबार: काम के चलते बाहर निकलना होगा और बॉस कुछ नई जिम्मेदारियां भी दे सकते हैं। बाजार के रुख पर नजर रखें, घाटे के बीच से भी कमाई का रास्ता निकलेगा।
उपाय: मंगलवार को संकटमोचन हनुमानाष्टक का पाठ करें।
शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 12

कर्क आज का राशिफल (Cancer Horoscope Today)

पॉजिटिव: किसी सौदे या पुराने काम से पैसों का फायदा होगा। जो काम आप लंबे समय से समेटना चाह रहे थे, वह आज निपट सकता है। घर में लोगों से अच्छी बातचीत होगी।
नेगेटिव: आज किसी को उधार देना छोड़ें, रकम लौटने में देर होगी या पैसा फंस सकता है। किसी के साथ मिलकर नया धंधा शुरू करने का फैसला भी कुछ दिन टालें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: जीवनसाथी के साथ किसी जरूरी मुद्दे पर खटपट हो सकती है। ऊंची आवाज के बजाय एक दूसरे की बात पूरी सुनें। घर के किसी काम में मेहनत ज्यादा लगेगी, छोटी बात को तनाव न बनने दें।
आर्थिक स्थिति: पुराने कामों से पैसा आएगा। नई योजना में रकम डालने की बजाय पहले चालू कामों की वसूली पूरी करें।
स्वास्थ्य: गले में खराश या चेहरे की त्वचा पर रूखापन, दाने जैसी परेशानी हो सकती है। मौसम बदल रहा है, गुनगुना पानी पिएं और चेहरे पर मॉइस्चराइजर लगाएं। यहां देखें अपनी फ्री पर्सनलाइज्ड स्वास्थ्य भविष्य।
करियर और कारोबार: पुराने अधूरे काम पूरे करने और हर चीज को बारीकी से निपटाने का दिन है। कोई भी समझौता करने से पहले हर शर्त को समझें।
उपाय: सुबह दस मिनट ध्यान लगाएं और माथे पर सफेद चंदन का तिलक करें।
शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 1

सिंह आज का राशिफल (Leo Horoscope Today)

पॉजिटिव: शाम को मनोरंजन और पूजा पाठ के लिए समय मिलेगा। प्रेमी के साथ डिनर डेट या कहीं घूमने जाने का मौका मिलेगा। घर में शाम को कोई मजेदार गतिविधि होगी।
नेगेटिव: मन एक साथ कई दिशाओं में भागेगा, जिससे फोकस बिगड़ेगा। काम करते वक्त फोन की नोटिफिकेशन बंद रखें और एक बार में एक ही काम उठाएं।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: काम की अधिकता से जीवनसाथी कुछ नाराज दिख सकते हैं। आज थोड़ा जल्दी घर पहुंचकर उनके साथ चाय पिएं, नाराजगी अपने आप घट जाएगी। घर में नरमी वाला बर्ताव रखें।
आर्थिक स्थिति: आज खर्च वाला दिन है। बिजली, पानी या टैक्स के बिल में कोई गड़बड़ी दिखे तो विभाग की वेबसाइट या ऑफिस में जाकर उसी दिन शिकायत दर्ज करें।
स्वास्थ्य: ठंडी चीजें, आइसक्रीम और फ्रिज का पानी आज न लें। सुबह शाम हल्की ठंड से बचने के लिए हल्का स्वेटर साथ रखें।
करियर और कारोबार: कारोबारी साझेदार से मतभेद होने पर परेशानी होगी। बिल या कागजों में छोटी गलती भी सरकारी काम में अड़चन डाल सकती है, हर दस्तावेज दो बार जांचें। साझेदारी में नया काम अभी शुरू न करें।
उपाय: मंदिर में ध्वजा चढ़ाकर आएं।

कन्या आज का राशिफल (Virgo Horoscope Today)

पॉजिटिव: व्यापार में नए ऑर्डर या टेंडर की संभावना बनेगी। मुश्किलें आएंगी, पर आप उन्हें काबू में भी कर लेंगे। काम में कुछ बेहतर नतीजे मिलेंगे।
नेगेटिव: घर के निजी मामलों में कोई बाहरी व्यक्ति टांग अड़ा सकता है। पड़ोसी या दूर के रिश्तेदार को घर की हर बात बताना बंद करें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: किसी तीसरे की बातों से रिश्ते में शक पैदा हो सकता है। अगर कोई आपके साथी के बारे में कुछ कहे, तो उस पर तुरंत यकीन करने के बजाय साथी से सीधी बात करें।
आर्थिक स्थिति: किसी भी समझौते से पहले जरूरी बातें जांच लें। टेंडर भरना है तो आखिरी तारीख से एक दिन पहले ही सारे कागज अपलोड कर दें, सर्वर डाउन होने का खतरा रहता है।
स्वास्थ्य: सेहत में लापरवाही भारी पड़ सकती है। हल्की चोट लग सकती है, इसलिए रसोई में चाकू और गैस का इस्तेमाल ध्यान से करें।
करियर और कारोबार: मेहनत और काम दोनों ज्यादा रहेंगे। नौकरी में काम जल्दी पूरा करने का दबाव होगा, घबराने के बजाय सबसे जरूरी काम सबसे पहले निपटाएं।
उपाय: सुबह पीपल की जड़ में थोड़ा सूखा आटा और काले तिल डालें।
शुभ रंग: नारंगी | शुभ अंक: 7

तुला आज का राशिफल (Libra Horoscope Today)

पॉजिटिव: नौकरी में कोई बड़ा पद या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कारोबारियों को नए ऑर्डर और टेंडर मिलने के अच्छे आसार हैं। किसी बड़ी डील में कामयाबी हाथ लग सकती है।
नेगेटिव: काम की भागदौड़ में थकान और अकेलापन महसूस होगा। प्रमोशन की खुशी में अपनों को भूलना नहीं, रात को कम से कम एक फोन परिवार या पुराने दोस्त को जरूर करें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: साथी के सामने दिल की बात खुलकर रख पाएंगे। किसी से मुलाकात दिन को खास बना देगी। घर के सब लोग अपने कामों में व्यस्त रहेंगे, फिर भी थोड़ी देर साथ बैठना मन हल्का करेगा।
आर्थिक स्थिति: बाजार की हलचल से कमाई के नए रास्ते खुलेंगे। अगर तनख्वाह बढ़ने की खबर आए, तो बढ़े हुए पैसे का एक हिस्सा सीधे बचत खाते में डालने का नियम बना लें।
स्वास्थ्य: काम के बोझ से शरीर थकेगा। हाथ पैरों का ख्याल रखें और खाने में दाल, पनीर, अंडा जैसी प्रोटीन वाली चीजें बढ़ाएं।
करियर और कारोबार: सेल्स और मार्केटिंग वालों के लिए खास दिन है, कोई बड़ी डील फाइनल हो सकती है। इससे दफ्तर में आपकी पहचान और पद दोनों मजबूत होंगे।
उपाय: गाय को रोटी खिलाएं।
शुभ रंग: फिरोजी | शुभ अंक: 11

वृश्चिक आज का राशिफल (Scorpio Horoscope Today)

पॉजिटिव: काम के साथ घर में भी अच्छी बातें होंगी। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही से कारोबार में तेजी आएगी। पुराने दोस्तों से मुलाकात हो सकती है।
नेगेटिव: नौकरी में कुछ चुनौतियां सामने आएंगी। बड़ा निवेश करने का मन हो तो अकेले फैसला लेना छोड़ें, जीवनसाथी और किसी भरोसेमंद जानकार दोनों की राय लें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: जीवनसाथी की सलाह किसी मामले में सही रास्ता दिखाएगी। घर के लोग छोटी सी पार्टी या मिलन का कार्यक्रम रख सकते हैं। प्रेमी के साथ भावनाएं साझा करने का मौका मिलेगा।
आर्थिक स्थिति: प्रॉपर्टी और खाने पीने के धंधे में पैसा आएगा। रेस्टोरेंट, ढाबा या मिठाई की दुकान चलाने वाले त्योहार के ऑर्डर के लिए कच्चा माल पहले से भर लें।
स्वास्थ्य: पेट या कमर की तकलीफ उभर सकती है। लंबे समय तक एक जगह बैठने से बचें और तली भुनी चीजें कम खाएं।
करियर और कारोबार: नौकरी में दिन औसत से अच्छा गुजरेगा। किसी अचानक मुलाकात से काम का नया रास्ता निकल सकता है।
उपाय: हनुमान मंदिर जाकर बजरंगबली को नारियल अर्पित करें।
शुभ रंग: आसमानी | शुभ अंक: 4

धनु आज का राशिफल (Sagittarius Horoscope Today)

पॉजिटिव: किस्मत आज आपकी तरफ है। बड़ों की मदद से लंबे समय से अटके काम आगे बढ़ेंगे। सरकारी या कोर्ट कचहरी के मामलों में राहत का संदेश आ सकता है।
नेगेटिव: धार्मिक कामों पर खर्च बढ़ेगा। दान या चढ़ावे में भावुक होकर अपनी हैसियत से ज्यादा रकम न दें, श्रद्धा पैसे से नहीं नापी जाती।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: सिंगल लोगों की जिंदगी में किसी नए रिश्ते की शुरुआत हो सकती है। प्रेम संबंध में रह रहे लोग साथी के साथ अच्छी समझ महसूस करेंगे। घर में किसी शुभ काम या यात्रा की चर्चा होगी।
आर्थिक स्थिति: धंधे में कोई पुरानी परेशानी है तो घरवालों की सलाह और मदद से उसका हल निकलेगा। कोर्ट केस में राहत मिले तो उसके कागज संभालकर फाइल में रखें।
स्वास्थ्य: सेहत ठीक रहेगी, पर बैठने उठने का तरीका गलत रहा तो कमर में दर्द होगा। बिस्तर पर लेटकर लैपटॉप चलाना बंद करें।
करियर और कारोबार: करियर में उत्साह रहेगा। कारोबारियों को अपनों का साथ मिलेगा। पढ़ाई से जुड़े मामलों में भी अच्छे नतीजे आएंगे।
उपाय: विष्णु कवच का पाठ करें।
शुभ रंग: सिल्वर | शुभ अंक: 10

मकर आज का राशिफल (Capricorn Horoscope Today)

पॉजिटिव: धंधा बढ़ाने के लिए लोन की कोशिश कर रहे हैं तो मंजूरी मिलने के आसार हैं। मेडिकल, किराना और परचून के कारोबार वालों की कमाई बढ़ेगी। किसी नए सौदे से राहत मिलेगी।
नेगेटिव: आज कुछ काम अचानक पलट सकते हैं और मन जल्दी आहत होगा। दूसरों के निजी मामलों में राय देना या झगड़ा सुलझाने बीच में कूदना छोड़ें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: रिश्ते में आकर्षण रहेगा, पर जीवनसाथी के साथ किसी मामले में विचार अलग होंगे। बहस करने के बजाय उनकी राय भी समझें। कुछ समय अकेले बैठना या पूजा पाठ करना मन को शांत करेगा।
आर्थिक स्थिति: लोन का कागज साइन करने से पहले ब्याज दर, प्री पेमेंट चार्ज और ईएमआई की तारीख अच्छे से समझ लें।
स्वास्थ्य: मसालेदार और तैलीय खाने से एसिडिटी बढ़ेगी। कमर के नीचे या पैरों में कोई दर्द हो तो उसे टालें नहीं।
करियर और कारोबार: कामकाज में बदलाव भरा समय है। सफलता के लिए सामान्य से ज्यादा पसीना बहाना होगा, पर कारोबार के कुछ अच्छे मौके भी मिलेंगे।
उपाय: शिवलिंग पर जल चढ़ाकर शिव चालीसा पढ़ें।
शुभ रंग: हरा | शुभ अंक: 2

कुंभ आज का राशिफल (Aquarius Horoscope Today)

पॉजिटिव: साझेदारी से फायदा होगा और कारोबारी सहयोगियों के साथ अच्छा तालमेल रहेगा। समाज में लोगों से नए संपर्क बनेंगे। पिता या पिता जैसे किसी व्यक्ति से मदद मिल सकती है।
नेगेटिव: दफ्तर में नई जिम्मेदारी या कोई उलझा मामला सुलझाने का दबाव रहेगा। कुछ ऐसे खर्च आएंगे जिन्हें टालना मुश्किल होगा, इसलिए आज गैर जरूरी ऑनलाइन शॉपिंग पूरी तरह बंद रखें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: जीवनसाथी के साथ मिलकर घर की जिम्मेदारियां निभाएंगे। बच्चों के होमवर्क या किसी काम में मदद के लिए आप अपने काम का समय भी बदल सकते हैं।
आर्थिक स्थिति: बजट पर नजर रखें। साझेदार के साथ हुए हर लेन देन को एक साझा रजिस्टर या ऐप में दर्ज करें, बाद में गलतफहमी नहीं होगी।
स्वास्थ्य: कमर के निचले हिस्से में खिंचाव महसूस होगा। दिन भर पानी पीते रहें और लंबे समय तक बिना सहारे वाली कुर्सी पर न बैठें।
करियर और कारोबार: नौकरी हो या कारोबार, व्यस्तता बढ़ेगी। एक साथ कई काम आने से दिमाग थकेगा, सुबह ही प्राथमिकता तय करके चलें।
उपाय: राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करें और लोगों में मिठाई बांटें।
शुभ रंग: सुनहरा | शुभ अंक: 6

मीन आज का राशिफल (Pisces Horoscope Today)

पॉजिटिव: पैसों के कुछ मामलों में राहत मिलेगी। लोन के लिए आवेदन किया है तो फाइल आगे सरक सकती है। दोस्त और करीबी लोग मुश्किल वक्त में साथ देंगे।
नेगेटिव: विरोधी आज सक्रिय रहेंगे। दफ्तर में कोई आपकी जगह लेने की कोशिश कर सकता है, इसलिए अपने काम की रिपोर्ट समय पर और साफ सुथरी जमा करें।
प्रेम और पारिवारिक संबंध: प्रेम में उतार चढ़ाव रहेगा। बातचीत में ताना मारना छोड़ें, गुस्से में कही बात लंबे समय तक चुभती है। घर की कुछ उलझनें मन पर बोझ बनेंगी।
आर्थिक स्थिति: किसी की बातों में आकर निवेश न करें। कोई रिश्तेदार या दोस्त "पक्का मुनाफा" वाली स्कीम बताए, तो उसकी कंपनी का रजिस्ट्रेशन और रिव्यू खुद जांचें।
स्वास्थ्य: भारी सामान उठाने और जोखिम वाले कामों से बचें। अगर जिम जाते हैं, तो आज वजन कम उठाएं।
करियर और कारोबार: काम का दबाव रहेगा और पुराने अधूरे काम भी सामने आएंगे। जरूरी कामों की सूची बनाकर एक एक करके पूरे करें।
उपाय: किसी जरूरतमंद को गुड़ और भुने चने दान करें।
शुभ रंग: क्रीम | शुभ अंक: 3

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।