Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक हल्की फुहारों ने गर्मी से दिलाई राहत, आज भी मौसम सुहावना होने के आसार; पढ़ें लेटेस्ट अपडेट
Uttarakhand Weather बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई जबकि देहरादून टिहरी चमोली एवं रुद्रप्रयाग में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा हुई। रविवार को दून में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग देहरादून चमोली पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात होने का अनुमान है।
जागरण संवाददाता, देहरादून : Uttarakhand Weather: प्रदेशभर में हल्की फुहारें, ओलावृष्टि, अंधड़ के चलते पहाड़ से मैदान तक झुलसाती गर्मी से राहत मिली। बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई, जबकि देहरादून, टिहरी, चमोली एवं रुद्रप्रयाग में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा हुई। जिससे अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। रविवार को दून समेत पांच जनपदों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेशभर में शनिवार सुबह से गहरे बादल छाये रहे, कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं। दून के कई इलाकों में सुबह नौ बजे तेज वर्षा व राजपुर रोड के आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। आइएसबीटी, कारगी चौक और धर्मपुर क्षेत्र में केवल बूंदाबांदी हुई।
हल्की वर्षा से आमजन को गर्मी से राहत
इसके बाद दोपहर के समय प्रेमनगर, विकासनगर आदि क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई जिससे आमजन को गर्मी से राहत मिली। टिहरी, चमोली जनपद के जोशीमठ, देहरादून जनपद के चकराता, मसूरी, कालसी में दो से पांच मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। दोपहर के समय दून के कई क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। जिससे कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा।
दोपहर ढाई बजे देहरादून का अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस कम 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 38.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 20.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को दून में आंशिक रूप से लेकर आमतौर पर बादल छाये रहेंगे। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात होने का अनुमान है।