शाहजहांपुर में बोले डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, कहा- नरेंद्र मोदी का तीसरी बार पीएम बनना तय- जनता का भरोसा पहले से बढ़ा है
पहले चरण में हुए मतदान से ही तय हो गया है कि पार्टी को बड़ी जीत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने जो कार्य किए हैं। उनसे जनता का भरोसा बढ़ा है। योजनाओं पर बात करते हुए पाठक ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था देश ही नहीं विदेश में भी मिसाल बन गई है।
जासं, शाहजहांपुर : उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा के पक्ष में जो लहर चली है वह पूर्वांचल में पहुंचते पहुंचते सुनामी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीतने जा रही है। बृजेश पाठक शनिवार को कांट में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा जनता ने मन बना लिया है। नरेन्द्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है।
सरकार पर बढ़ा जनता का भरोसा : बृजेश
पहले चरण में हुए मतदान से ही तय हो गया है कि पार्टी को बड़ी जीत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने जो कार्य किए हैं। उनसे जनता का भरोसा बढ़ा है। योजनाओं पर बात करते हुए पाठक ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था देश ही नहीं विदेश में भी मिसाल बन गई है। इससे पहले उन्होंने बूथ अध्यक्षों को ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने पर जोर दिया।
कहा कि जितना ज्यादा मतदान होगा उतना ही भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ेगा। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपनी अपनी टीम के माध्यम से सरकार की योजनाओं के साथ संकल्प पत्र के बारे में जानकारी घर घर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। इस दौरान वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, भाजपा प्रत्याशी सांसद अरुण सागर, ददरौल से उपचुनाव प्रत्याशी अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।