Move to Jagran APP

केलांग में CM सुक्खू टटोलेंगे पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज, डॉ. मार्कंडेय को रवि ठाकुर के खिलाफ उतारने की जद्दोजहद

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के केलांग में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का कल दौरा होने वाला है। इसके चलते केलंग में सीएम सुक्खू (CM Sukhu) पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे। चेहरा तय करने से पहले महत्वपूर्ण मुख्यमंत्री का दौरा माना जा रहा है। लाहौल स्पीति कांग्रेस अब भी पुराने स्टैंड पर कायम है कि पार्टी कार्यकर्ता को टिकट मिले।

By Jagran News Edited By: Deepak Saxena Published: Sat, 27 Apr 2024 01:37 PM (IST)Updated: Sat, 27 Apr 2024 01:37 PM (IST)
केलांग में CM सुक्खू टटोलेंगे पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज (फाइल फोटो)।

हंसराज सैनी, मंडी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कल लाहौल स्पीति के केलांग में पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे। विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का चेहरा तय करने की दृष्टि से मुख्यमंत्री सुक्खू का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह 11 बजे से दोपहर बाद दो बजे तक केलंग में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। उनका दौरा काफी हद तक मौसम पर भी निर्भर रहेगा। लाहौल में इन दिनों मौसम अनुकूल नहीं है।

loksabha election banner

पूर्व में रहे कांग्रेस के विधायक रवि ठाकुर के विद्रोह करने के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू का लाहौल का यह पहला दौरा है। रवि ठाकुर अब भाजपा का दामन थाम चुके हैं। भाजपा ने उपचुनाव में उन्हें अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। वह अपना प्रचार अभियान भी शुरु कर चुके हैं। कांग्रेस ने अभी यहां अपना चेहरा तय नहीं किया है। टिकट की फेहरिस्त में पूर्व विधायक रघुवीर सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष अनुराधा राणा, जिला परिषद सदस्य कूंगा बौद्ध सहित करीब 15 दावेदार हैं।

रवि ठाकुर को बीजेपी से टिकट मिलने के बाद नाराज थे डॉ. रामलाल मार्कंडेय

रवि ठाकुर को भाजपा का टिकट मिलने से नाराज पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ने का एलान किया था। वह मुख्यमंत्री सुक्खू और दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से कई बार मिल चुके हैं। लेकिन उनकी राह में जिला कांग्रेस का दो बार का प्रस्ताव और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट आड़े आ रही है। जिला कांग्रेस ने प्रस्ताव पारित कर पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता को टिकट देने का प्रस्ताव पारित कर रखा है।

पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद हाईकमान को भेजी रिपोर्ट

पर्यवेक्षक राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने लाहौल स्पीति कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पार्टी नेतृत्व को भेजी रिपोर्ट में डॉ. मार्कंडेय के बजाय पार्टी कार्यकर्ता को टिकट देने की वकालत की है। लाहुल स्पीति कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चेताया है कि अगर डॉ. मार्कंडेय को टिकट दिया तो यहां विद्रोह होना तय है। इसी आशंका के चलते पार्टी नेतृत्व अब तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है। सुजानपुर और गगरेट में भाजपा के विद्रोहियों को टिकट मिलने से अब डॉ. मार्कंडेय की उम्मीद भी बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें: Himachal High Court ने 15 माननीयों के आपराधिक मामले वापस लेने की दी मंजूरी, CM सुक्खू समेत इन नेताओं को राहत

रवि ठाकुर को टक्कर दे सकते डॉ. मार्कंडेय

कांग्रेस यहां रवि ठाकुर को टक्कर देने के लिए सशक्त प्रत्याशी उतारना चाहती है। मुख्यमंत्री सुक्खू कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोल उन्हें डॉ. मार्कंडेय के नाम पर मनाने का प्रयास कर सकते है। अगर कार्यकर्ता अपने पुराने स्टैंड पर अड़े रहे तो 15 में से पार्टी का चेहरा कौन होगा? इस पर भी पदाधिकारियों के साथ मंथन कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट देंगे। भाजपा में शामिल होने के बाद रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर कई आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री उनका भी एक-एक कर जवाब दे सकते हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू के दौरे की तैयारियों और टिकट पर चर्चा के लिए लाहौल स्पीति कांग्रेस ने शनिवार को बैठक की है।

ये भी पढ़ें: Una Bus Accident: स्कूल बस का दरवाजा खुला तो टायर के नीचे आ गई छात्रा, मौके पर हुई मौत


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.