श्रीलंका में रोहिंग्या शरणार्थियों पर भीड़ ने किया हमला
चरमपंथी बौद्ध भिक्षु के नेतृत्व में भीड़ ने श्रीलंका में रोहिंग्या शरणार्थियों पर हमला किया है।
कोलंबो (एएफपी)। चरमपंथी बौद्ध भिक्षु के नेतृत्व में भीड़ ने श्रीलंका की राजधानी के पास रोहिंग्या शरणार्थियों पर हमला बोल दिया। भीड़ ने संयुक्त राष्ट्र की तरफ से शरणार्थियों के लिए बनाए गए सेफ हाउस पर हमला किया। उग्र बौद्धों ने अधिकारियों को रोहिंग्या शरणार्थियों को दूसरी जगह पर ले जाने के लिए मजबूर कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बौद्ध भिक्षुओं के नेतृत्व में भीड़ ने रोहिंग्या शरणार्थियों के सेफ हाउस का गेट तोड़ दिया। बहुमंजिली इमारत में भीड़ के घुसने के बाद डरे हुए शरणार्थी ऊपर की मंजिल में बने कमरों में जमा हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने भीड़ को पीछे हटाया और शरणार्थियों को दूसरी सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया।
इस साल मई में श्रीलंका की नौसेना ने समुद्र में एक बोट में सफर कर रहे 31 रोहिंग्या शरणार्थियों को बचाया था। सिंहलीज नैशनल फोर्स के एक चरमपंथी बौद्ध भिक्षु ने रोहिंग्या शरणार्थियों के खिलाफ भीड़ का नेतृत्व किया था। इस बौद्ध भिक्षु ने फेसबुक पर अपने लाइव विडियो में गोद में बच्चा लेकर एक रोहिंग्या औरत की तरफ इशारा करते हुए कहा है कि ये रोहिंग्या आतंकवादी हैं, जिन्होंने म्यांमार में बौद्ध भिक्षुओं को मारा है।
बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों की संख्या 480000 हुई
कॉक्स बाजार। संयुक्त राष्ट्र ने बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थियों की संख्या मंगलवार को बढ़ा दी है। बांग्लादेश ने शरणार्थी शिविरों में काम करने वाले समूहों पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दे दी है। इसके साथ ही इस संकट से निपटने के लिए उसने 25 करोड़ डॉलर की मदद मांगी है। म्यांमार में हिंसा शुरू होने के बाद 25 अगस्त से बड़ी संख्या में रोहिंग्या मुस्लिम समुदाय के लोगों का पलायन जारी है। पिछले दो दिनों में 45000 शरणार्थी पहुंचे हैं। म्यांमार सेना की कार्रवाई के कारण रोहिंग्या पलायन करने पर मजबूर हुए हैं।
यह भी पढ़ें: हिंदू महिलाओं को इस्लाम अपनाने और शादी के लिए मजबूर कर रहे हैं रोहिंग्या मुस्लिम'