जापानी पीएम शिंजो एबी फिर लहरा सकते जीत का परचम
एबी के विरोध में चुनावी मैदान में उतरे विपक्षी नेता राष्ट्रीय राजनीति में लगभग अनुभवहीन हैं।
टोक्यो, एपी। जापान में रविवार को आम चुनाव होंगे। चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों की मानें तो प्रधानमंत्री शिंजो एबी दोबारा जीत का परचम लहरा सकते हैं। उनकी शानदार वापसी होगी। वह संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में दो तिहाई बहुमत पा सकते हैं। एबी की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी नीत गठबंधन 465 में से 300 से ऊपर सीटें पा सकता है। जापानी मतदाता भले एबी को बहुत पसंद नहीं करते हों लेकिन वह उनकी प्रशासनिक व कूटनीतिक क्षमता के कायल हैं।
एबी के विरोध में चुनावी मैदान में उतरे विपक्षी नेता राष्ट्रीय राजनीति में लगभग अनुभवहीन हैं। ऐसे में जब उत्तर कोरिया का संकट सामने हो तो मतदाता किसी प्रकार का खतरा लेने के मूड में नहीं हैं। 51 वर्षीय महिला ने कहा, 'जापान फिलहाल उत्तर कोरिया से गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है। इस स्थिति से शिंजो एबी ने पूर्व प्रधानमंत्रियों के मुकाबले शानदार तरीके से निपटा है।' जापान में मुकाबला पीएम शिंजो एबी की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी व कोमीटो पार्टी के गठबंधन और टोक्यो की गवर्नर यूरिको कोइके के दल 'पार्टी ऑफ होप' के बीच है। ताजा सर्वे में एबी को 70 फीसदी सीटें तक मिलने के आसार जताए गए हैं।
वहीं, कोइके की पार्टी 55 सीटों पर सिमट सकती है। यह सर्वे न्यूज एजेंसी क्योडो ने 15 से 17 अक्टूबर के बीच कराया। ज्ञात हो कि 2014 में एबी की पार्टी के गठबंधन को 325 सीटें मिली थीं। जापानी प्रधानमंत्री ने गत सितंबर में संसद भंग कर तय समय से साल भर पहले चुनाव कराने का एलान किया था। मध्यावधि चुनाव की घोषणा के तुंरत बाद हुए सर्वे में एबी को 40 सीटों के नुकसान तक की बातें कही गई थी। अब जापान के एक अखबार योमिसूयरी ने तो एबी की पार्टी को बिना सहयोगी दल के ही बहुमत प्राप्त कर लेने की बात कही है।