US में भाषण के दौरान राहुल गांधी से हुई भारी चूक, ट्विटर पर हुए ट्रोल
अपने भाषण के दौरान राहुल की दिक्कतें तब और बढ़ गईं जब एक महिला ने कांग्रेस नेता के पसंद के विपरित सवाल पूछा तो उन्हें चुप करा दिया गया।
यूएसए (एएनआई)। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी वर्तमान में संयुक्त राज्य अमेरिका में हैं जहां वे काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने यहां कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय बर्कले में छात्रों को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान कई बार उनकी जबान फिसली और कुछ तथ्यों को उन्होंने गलत बता दिया जिसके बाद ट्विटर यूजर ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया।
'भारत से 70 साल: रिफ्लैक्शन ऑन द पाथ फॉरवर्ड' पर बोलते हुए राहुल ने समकालीन भारत के बारे में बात की साथ ही भारत को उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रुप में आगे बढ़ने वाला देश बताया। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने लोकसभा में सीटों की संख्या को गलत बता दिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में सीटों की संख्या को 545 नहीं बल्कि 546 बता दिया। जबकि सदन में कभी भी सीटों की संख्या सम नहीं हो सकती है। इसी प्रकार से उन्होनें अपने भाषण के दौरान कई बार इसी प्रकार की गलतियां दोहराईं। उनके द्वारा इन गलतियों के बाद ट्विटर पर लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल भी किया।
एक ट्विटर यूजर ने लिखा, "राहुल गांधी से कम से कम इस मामूली चूक की उम्मीद नहीं थी। (लोकसभा में सीटों की संख्या 545 हैं, 546 नहीं)"
अन्य ने लिखा, "राहुल गांधी का कहना है कि लोकसभा में 546 सदस्य हैं! एक विधायी सभा में सदस्यों की संख्या सम कैसे हो सकती है?
अपने भाषण के दौरान राहुल की दिक्कतें तब और बढ़ गईं जब एक महिला ने कांग्रेस नेता के पसंद के विपरित सवाल पूछा तो उन्हें चुप करा दिया गया। लेकिन वह महिला इतने में शांत नहीं हुईं, उसने कहा, "यह कैसा भाषण है, जहां आपको क्या सवाल किया जाना हैं उस पर भी वक्ता का नियंत्रण हो?"
गौरतलब है कि, राहुल गांधी दो सप्ताह की अमेरिकी यात्रा पर हैं, वे यहां वैश्विक विचारकों, राजनेताओं और एनआरआई के साथ बातचीत करेंगे।
यह भी पढ़ें : राहुल ने कहा- दंभ के कारण सत्ता से बेदखल हुई कांग्रेस, पुनर्निर्माण की है जरूरत