राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहा परिवार के दुर्घटना में तीन की मौत
पैदल राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय एक परिवार के चार सदस्य अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में तीन की मौत, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
उत्तर दिनाजपुर, [जागरण संवाददाता] । पैदल राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय एक परिवार के चार सदस्य अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई। एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना मंगलवार देर रात इस्लामपुर थाना क्षेत्र के अदालगछ में हुई। बुधवार सुबह जब लोग उधर से गुजरे तो दुर्घटना की जानकारी हुई। पुलिस व स्थानीय लोगों के मुताबिक चोपड़ा सुभाष नगर कालोनी निवासी सुनील राय (46), पत्नी सियुली राय (35) पुत्र सुजय राय (8) व सुमित राय के साथ इस्माइलपुर जाने के लिए निकले थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में पूरा परिवार आ गया।
बुधवार सुबह चारों लोगों को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने देखा तो पुलिस को खबर दी। पुलिस सभी को इस्लामपुर स्थित अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सक ने सुनील, सियुली व सुजय को मृत घोषित कर दिया। सुमित की सांसे चल रहीं थीं। उसका इलाज जारी है। मृत सियुली के भाई बोबाई भैमीक ने कहा कि खबर पाकर वह दुर्घटनास्थल की तरफ भागे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।