घर में रंगरेलियां मनाते देख पति को उतारा मौत के घाट
- हत्या के बाद पड़ोसी महिला की खुदकुशी को जोड़कर देख रही पुलिस - पत्नी ने अवैध संबंधों में पति की हत
- हत्या के बाद पड़ोसी महिला की खुदकुशी को जोड़कर देख रही पुलिस
- पत्नी ने अवैध संबंधों में पति की हत्या करना किया स्वीकार
संवाद सूत्र, दालकोला : घर में पड़ोसी महिला के साथ रंगरेलियां मनाते हुए पति को रंगेहाथ पकड़ने पर पत्नी ने कुल्हाड़ी से पति की हत्या कर दी। घटना दालकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारपुर गांव में रात करीब डेढ़ बजे हुई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार रात पत्नी पिंकी मजूमदार ने अपने घर में पति अपू मजूमदार (28) को पड़ोस की एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। इसके बाद महिला तो चली गई, लेकिन पति-पत्नी के बीच वादविवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर पत्नी ने पास में रखी कुल्हाड़ी से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घरवालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पत्नी पिंकी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना के बाद पड़ोस में रहने वाले मदन मंडल की पत्नी मिनती मंडल (35) अपने मायके सूर्जापुर चली गई। वहां मिनती ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
स्थानीय लोगों ने भी अपू का पड़ोस की महिला के साथ अवैध संबंध की जानकारी पुलिस को दी। मृतक के घरवालों व स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस अपू मजूमदार की हत्या के बाद मिनती के अचानक मायके जाकर आत्महत्या कर लेने को साथ जोड़कर देख रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची थी। थाना प्रभारी दिलीप राय ने बताया कि पूछताछ में पत्नी ने पति की हत्या करना स्वीकार किया है।