शौचालय तोड़े जाने पर भड़के लोग
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के जुगनूतला में सार्वजनिक शौचालय
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के जुगनूतला में सार्वजनिक शौचालय तोड़े जाने से लोग भड़क उठे। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा कर यातायात ठप कर दिया। सभासद के लिखित आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। प्रदर्शनकारियों में शामिल व्यवसायी समिति के वरुण विकास दे ने बताया कि जुगनूतला में एक सार्वजनिक शौचालय था, जिसे स्थानीय सभासद हिमांशु माईती ने सोमवार को तोड़ दिया। मंगलवार की सुबह हमें इसकी जानकारी मिली। इससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया, क्योंकि यह बड़ी शरारत है। ऐसा करने का आखिर क्या औचित्य हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में मंगलवार की सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक पथावरोध चला। इसमें स्थानीय लोगों ने भी काफी सहयोग किया। व्यवसायी समिति ने पथावरोध स्थानीय लोगों के सहयोग से किया। बेशक इससे राहगीरों को सामान्य परेशानी हुई, लेकिन हम मजबूर थे। इसके सिवा हमारे पास कोई विकल्प भी नहीं था। यह सैकड़ों लोगों से जुड़ा मसला है। लिहाजा विरोध जतलाना जरूरी हो गया था। सभासद हिमांशु माईती ने कहा कि फुटपाथ निर्माण के लिए यह कदम उठाना पड़ा, लेकिन जल्द ही शौचालय का निर्माण करा दिया जाएगा। सभासद के लिखित आश्वासन के बाद लोगों ने पथावरोध समाप्त किया।