किसानों ने दिखाई तकनीक में रूचि
हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत महिषादल मैदान में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला बुधवार को स
हल्दिया : पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत महिषादल मैदान में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला बुधवार को संपन्न हो गया। स्थानीय पंचायत समिति के अध्यक्ष तिलक चक्रवर्ती ने मेले के समाप्ति की घोषणा की।
मंगलवार को प्रखंड में कृषि मेला शुरू हुआ था। जिसमें कुल 30 स्टॉल लगाए गए थे। किसानों के मनोरंजन व ज्ञानवर्द्धन की भी अनेक व्यवस्था की गई थी। जिससे कृषि क्षेत्र में होने वाले परिवर्तनों को समझ कर वे अपनी उपज बढ़ा सकें और अपनी माली हालत में सुधार कर सके। इस बाबत किसानों के बीच कई प्रकार के पत्रक भी वितरित किए गए। जिला कृषि अधिकारी मृणालकांति दास ने कहा कि मेला बड़े ही सकारात्मक माहौल में हुआ। किसानों में कृषि क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों व तकनीकी सुविधाओं को अपनाने की खासी ललक देखी गई। यह कृषि विकास के लिए निहायत ही जरूरी है। इसी के जरिए किसानों की माली हालत सुधर सकती है। परंपरागत ढर्रे पर चल कर किसान अपनी हालत नहीं सुधार सकते। उन्हें आधुनिक तकनीक व प्रौद्योगिकी को अपनाना होगा। नई पीढ़ी के किसानों में इसके प्रति काफी लगाव देखा गया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में हम और भी बड़े पैमाने पर मेले के आयोजन का प्रयास करेंगे।