लव, सेक्स और धोखे में दो महिलाओं ने दी जान
संवाद सूत्र, मालदा : यहां शुक्रवार को दो महिलाओं ने अलग-अलग तरीके से अपनी जान दे दी। दरअसल, लव, सेक्स, धोखा और थ्रिल से भरपूर ये कहानी पूरी फिल्मी है। इसमें पति के अवैध संबंध पता चलने पर जहां नवविवाहिता ने घर में ही फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली वहीं, पति की प्रेमिका ने संबंध जग-जाहिर जो जाने पर आत्मग्लानि के कारण जहर खा कर अपनी जान दे दी।
यह है कहानी
मालदा के चांचल थाना क्षेत्र के दुईहट्टी गांव में किसान शिबू मंडल का विवाह दो माह पहले हरिश्चंद्रपुर निवासी गंगामनी मंडल (22) के साथ हुआ था। विवाह के बाद से सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। दोनों एक-दूसरे को भरपूर प्यार करते थे। दो महीने कब गुजर गए पता भी नही चला, तभी अचानक एक दिन उस समय गंगामनी के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई, जब उसे यह जानकारी मिली कि उसके पति का पड़ोस में ही रहने वाले भूटा मंडल की पत्नी दिप्ती मंडल (32) के साथ अवैध संबंध है। इस बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा शुरू हुआ। शुक्रवार को पति-पत्िन के बीच शुरू हुए झगड़े ने गंभीर रूप ले लिया। झगड़े के बाद गंगामनी ने खुद को अपने कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक जब उसका कमरा नहीं खुला तो लोगों ने किसी तरह दरवाजे को खोला। दरवाजा खुलते ही लोग अवाक रह गए, क्योंकि वहां गंगामनी का शव फंदे से लटका हुआ था। इस घटना का पता चलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गंगामनी के पति शिबू मंडल की जमकर पिटाई की और उससे अपराध कुबूल कराया। शिबू ने पूरे गांव के सामने स्वीकार किया कि उसका पड़ोसी दिप्ती मंडल के साथ अवैध संबंध है। यह बात जब दीप्ति मंडल को पता चली तो उसने जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे चांचल महकमा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे गांव में तनाव है और शिबू मंडल गांव से फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन--
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चांचल थाना की पुलिस घटना की जांच शुरू की है।
-प्रसून बंधोपाध्याय, जिला पुलिस अधीक्षक