वाहन मालिकों को चूना लगाने वाला फिल्म निर्माता गिरफ्तार
वाहन मालिकों को चूना लगाने वाले प्रतीक भट्टाचार्य नामक फिल्म निर्माता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बैरकपुर,संवाद सूत्र। वाहन मालिकों को चूना लगाने वाले प्रतीक भट्टाचार्य नामक फिल्म निर्माता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे जादवपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपित शातिर तरीके से वाहन किराये पर लेकर बेच देता था। वह कई लोगों की महंगी कारें फर्जी दस्तावेज बनाकर दूसरे राज्यों में बेच चुका है।
गत 15 दिनों में उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 30 प्राथमिकी दर्ज रुई हैं। प्रतीक उत्तर 24 परगना जिले के निमता थानांतर्गत श्रीकृष्ण पल्ली का वाशिंदा है। टालीवुड के कई विख्यात निर्माता, निर्देशक, अभिनेता और अभिनेत्रियों को अपना करीबी बताकर उनके साथ खींची तस्वीर दिखाकर वह शिकार को फांसता था।
फिल्म की शूटिंग के बहाने पर उसने अब तक 200 गाड़ियां किराए पर ली है। उन गाड़ियों की कोई जानकारी उनके मालिकों को नहीं मिल पा रही है। वादे के मुताबिक प्रतीक उन्हें किराया भी नहीं दे रहा था। कोलकाता और पासवर्ती जिलों के वाशिंदा गाड़ी मालिकों को उसने ठगी का शिकार बनाया है।